चंडीगढ़ | चंडीगढ़ प्रशासन के खेल विभाग ने शुक्रवार को विकसित भारत यंगलीडर्स डायलॉग (वीबीवायएलडी) 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली शहर की दो छात्राओं को प्रशस्ति पत्र सम्मानित किया। हाल ही में नई दिल्ली में हुए कार्यक्रम में एमसीएम डीएवी कॉलेज फॉर वुमन की स्टूडेंट करिका ठाकुर ने डेक्लेमेशन इवेंट में गोल्ड मेडल जीता। वहीं सेक्रेड हार्ट स्कूल की छात्रा अनिका वर्मा ने माननीय केंद्रीय मंत्रियों के समक्ष बेस्ट पीपीटी प्रेजेंटेशन देकर विशेष पहचान बनाई। इस अवसर पर खेल सचिव प्रेरणा पुरी (आईएएस) ने कहा कि उनकी उपलब्धियां चंडीगढ़ के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने छात्राओं को भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन करते रहने के लिए प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम में संयुक्त निदेशक खेल डॉ. महेंद्र सिंह, युवा मामलों के प्रभारी डॉ. भगवंत सिंह और सीनियर जिम्नास्टिक्स कोच नारायण शशि भी मौजूद रहे।



