- दहिया बने वेतन विसंगति एवं शिकायत निवारण समिति के सदस्य
चंडीगढ़, 23 दिसंबर (हि.स.)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने नए साल 2026 के पहले दिन एक जनवरी को राज्य मंत्रिमंडल की बैठक बुला ली है। इस संबंध में मंगलवार को मुख्य सचिव ने अधिसूचना जारी कर दी है। हरियाणा सचिवालय में सुबह 11 बजे से होने वाली मंत्रिमंडल की बैठक का एजेंडा अभी तय किया जाना बाकी है।संभावना है कि इस दिन सरकार नये साल 2026 में किए जाने वाले कार्यों की रूपरेखा पर चर्चा करने के बाद उनमें से कुछ को मंत्रिमंडल की बैठक में मंजूरी प्रदान करेगी। मंत्रिमंडल की बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों को साल 2026-27 के वार्षिक बजट की तैयारी करने के निर्देश भी दिए जा सकते हैं।
वित्त मंत्री के नाते मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी फरवरी माह के अंतिम सप्ताह अथवा मार्च के पहले सप्ताह में साल 2026-27 का बजट पेश कर सकते हैं। नायब सिंह सैनी अपनी सरकार का दूसरा बजट पेश करेंगे। प्रदेश अध्यक्ष के नाम पर भाजपा के शीर्ष नेताओं के साथ मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की चर्चा हो चुकी है, जिसकी घोषणा होनी बाकी है। विजय सिंह दहिया मुद्रण एवं लेखन सामग्री विभाग के आयुक्त एवं सचिव हैं, जिन्हें विकास गुप्ता के स्थान पर वेतन विसंगति एवं शिकायत निवारण समिति (पे अनोमालीज एंड रिड्रेसल कमेटी) का सदस्य नियुक्त किया गया है। विकास गुप्ता की सेवाएं केंद्र सरकार को सौंप दी गई हैं। विकास गुप्ता को केंद्रीय विद्यालय संगठन (केवीएस) का आयुक्त नियुक्त किया गया है। मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने विजय सिंह दहिया की नियुक्ति के संबंध में अधिसूचना जारी की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा



