झूठे वादों से सत्ता में आकर पंजाब का शोषण कर रही है आआपा सरकार : नायब सैनी
- Admin Admin
- Jan 04, 2026
चंडीगढ़, 04 जनवरी (हि.स.)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंजाब की आम आदमी पार्टी (आआपा) सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि मौजूदा पंजाब सरकार में शामिल लोगों ने झूठे वादे करके सत्ता तो हथिया ली, लेकिन चार साल बीतने के बावजूद लोगों के हित में काम करने की बजाए पंजाब का शोषण किया जा रहा है।
सैनी ने रविवार को हरियाणा-पंजाब सीमा के निकट स्थित पटियाला के घनौर की अनाज मंडी में आयोजित कार्यक्रम में कहा कि पंजाब को नशाखोरी, बेरोजगारी और वादा खिलाफी ने बर्बाद कर दिया है। उन्होंने कहा कि पंजाब में भाजपा सरकार बनने पर हरियाणा की तर्ज पर विकास करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि एक समय में हरियाणा में भी कहा जाता था कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का माहौल नहीं है। वर्ष 2014 के बाद ऐसा समय आया, आज वहां लगातार तीसरी बार भाजपा की सरकार है। इसी तर्ज पर पंजाब में भी भाजपा की सरकार बनेगी।
उन्होंने कहा कि पंजाब में आम आदमी पार्टी ने सत्ता में आने से पहले पंजाब को नशामुक्त बनाने की बात कहकर यहां नशे को बढ़ा दिया है। युवाओं को रोजगार देने का वादा किया गया था। हालात ये हैं कि आज चार साल बाद भी आम आदमी पार्टी की सरकार ने एक भी वादा पूरा नहीं किया है। इन्होंने वादा किया था कि महिलाओं को एक हजार रुपये देंगे। आज तक नहीं दिए गए। बुजुर्गां को 2500 रुपये पेंशन देने की बात कही थी, आज तक भी 1500 रुपये दी जाती है, वह भी तीन से चार महीनों देरी से मिलती है।
मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि हरियाणा में भाजपा ने वादा किया था कि सरकार बनने पर महिलाओं को पांच सौ रुपये में सिलेंडर और 2100 रुपये दिए जाएंगे। सरकार बनते ही हरियाणा में पांच सौ रुपये में सिलेंडर देने की योजना लागू कर दी गई और अब प्रदेश में लाडो लक्ष्मी योजना के तहत महिलाओं को 2100 रुपये देकर वादा पूरा कर दिया है। हरियाणा में बुजुर्गों को 3200 रुपये पेंशन दी जा रही है, जो पूरे देश में सबसे अधिक है। उन्होंने कहा कि चुनाव से पहले कांग्रेस ने भर्ती पर रोक लगवा दी थी। इसके बाद उन्होंने युवाओं से वादा किया था कि वे शपथ बाद में लेंगे और युवाओं को नियुक्ति पत्र पहले देंगे। जैसे ही भाजपा की सरकार आई, शपथ बाद में ली और 25000 युवाओं को नियुक्ति पत्र देकर वादा पूरा किया। हरियाणा में किसानों की सभी फसलों को एमएसपी पर खरीदा जा रहा है।
सैनी ने कहा कि हरियाणा विधानसभा में प्रस्ताव पारित कर श्री गुरु तेग बहादुर जी की शहादत को नमन किया गया और उनके 350वें शहीदी साल को मनाते हुए एक माह तक लगातार प्रदेश में कार्यक्रम किए गए। उन्होंने कहा कि पंजाब में शाम पांच बजे के बाद आम आदमी पार्टी की सरकार के दरवाजे बंद हो जाते हैं। हंसता खेलता विकसित पंजाब आम आदमी पार्टी की सरकार ने बर्बाद कर दिया है।
मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि हरियाणा में कांग्रेस ने गरीबों को प्लाट देने की बात तो कही थी, लेकिन उन्हें न तो कागज दिए और न ही कब्जा। आज ऐसे लोगों को प्लाट व उनका कब्जा दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले साल आई बाढ़ में पंजाब का काफी नुकसान हुआ। पंजाब सरकार बताए, किसानों को कितना मुआवजा दिया। हमने हरियाणा में जिन किसानों की फसल खराब हुई थी, उसके लिए 116 करोड़ रुपये उनके खाते में दिए हैं। ऐसे लोगों को, जिनके घरों में नुकसान हुआ, पशुओं का नुकसान हुआ, उन्हें पांच करोड़ रुपये की आर्थिक मदद दी गई है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि केवल भारतीय जनता पार्टी ही पंजाब को आगे बढ़ा सकती है। कांग्रेस पर भ्रष्टाचार के आरोप लगे थे लेकिन वर्तमान पंजाब सरकार ने तो कांग्रेस को भी पीछे छोड़ दिया है। इनके मंत्री जेल में हैं। उन्होंने पंजाब के आम आदमी का पैसा लूटा है। पंजाब के लोग इनसे तंग आ चुके हैं।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा



