किसान, मजदूर, वंचितों की लड़ाई लड़ेगी कांग्रेस : राव नरेंद्र सिंह
- Admin Admin
- Dec 28, 2025
-स्थापना दिवस पर पार्टी मुख्यालय में किया ध्वजारोहण
-हरियाणा की जनता के सामने रखेंगे सरकार के घोटाले
चंडीगढ़, 28 दिसंबर (हि.स.)। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा है कि कांग्रेस पार्टी की स्थापना से लेकर आज तक उसका मूल मंत्र किसानों, मजदूरों, युवाओं तथा वंचित वर्गों के अधिकारों की रक्षा करना रहा है। वर्तमान में देश और प्रदेश में लोकतंत्र, संविधान तथा संवैधानिक संस्थाओं पर सुनियोजित आघात किए जा रहे हैं, जिन्हें कांग्रेस पार्टी किसी भी हाल में सहन नहीं करेगी।
भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के 140वें स्थापना दिवस के अवसर पर हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान राव नरेंद्र सिंह ने पार्टी ध्वज फहराया और उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।
उन्होंने कहा कि भाजपा की जनविरोधी नीतियों के कारण बेरोजगारी, महंगाई और सामाजिक असमानता अपने चरम पर पहुंच गई है, जबकि हरियाणा का युवा रोजगार की तलाश में भटकने को मजबूर है। भाजपा ने तानाशाही के कारण कांग्रेस द्वारा शुरू की गई मनरेगा योजना को लगभग समाप्त कर दिया गया है, जो मजदूरों, वंचितों और भूमिहीन किसानों के अस्तित्व पर सीधा प्रहार है।
इसके अलावा नौकरी भर्ती घोटाले, भूमि घोटाले, अवैध खनन, आदिवासी भूमि का भूमाफियाओं को हस्तांतरण तथा अन्यायपूर्ण कार्यों की लंबी फेहरिस्त गिनाते हुए उन्होंने कहा कि जनता अब इनका हिसाब जरूर लेगी। कांग्रेस अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि पार्टी सडक़ से सदन तक जनता की आवाज बनकर भाजपा सरकार की नाकामियों को बेनकाब करती रहेगी। स्थापना दिवस के इस अवसर पर नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने संविधान, लोकतंत्र तथा सामाजिक न्याय की रक्षा के लिए संघर्ष को और तेज करने का संकल्प दोहराया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, वरिष्ठ नेता तथा कार्यकर्ता उपस्थित रहे, जिन्होंने संगठन को और मजबूत बनाने तथा आगामी चुनौतियों का सामना करने के लिए पूर्ण शक्ति से जुटने का आह्वान किया।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से जिला अध्यक्ष संजय चौहान, पूर्व विधायक प्रदीप चौधरी, जसवीर मालौर एवं लहरी सिंह, प्रदेश मीडिया प्रभारी संजीव भारद्वाज, महिला कांग्रेस अध्यक्षा सुधा भारद्वाज, पूनम चौहान (सेवादल), सुनीता शर्मा (महिला कांग्रेस सेवा दल), फोम लाल (पंचायती राज चेयरमैन), सुनीता मान जिला अध्यक्षा महिला कांग्रेस, मनवीर कौर गिल, रविंद्र रावल, दलवीर वाल्मीकि, सतपाल कौशिक, पवन जैन, आर.के. कक्कड़, प्रियंका हुड्डा, सुरेश रोड, राकेश सोंधी, विजय बंसल, नरेश मान, प्रोफेसर सुल्तान सिंह ढुल, रघुवंश मल्होत्रा, गुरबाग, गौतम प्रसाद (पार्षद), महेंद्र सांगवान, हरीश पिकु तथा सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा



