रोहिंग्या व बांग्लादेशी घुसपैठियों के समर्थन से कुछ राजनीतिक दल बनाना चाहते हैं सरकार : भूपेंद्र चौधरी

कार्यक्रम में बैठे पार्टी कार्यकर्ता एवं पदाधिकारीभाजपा जिला अध्यक्ष द्वारा पुष्प कुछ भेंट करते हुएकार्यकर्ताओं के साथ प्रदेशअध्यक्ष

अमेठी, 2 दिसंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के अमेठी जनपद मुख्यालय गौरीगंज में मंगलवार को एक दिवसीय दौरे पर पहुंचे भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने किसी भी पार्टी का बिना नाम लिए हुए विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ राजनीतिक दल रोहिंग्या व बांग्लादेशी घुसपैठियों का समर्थन प्राप्त कर सरकार बनाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि अदालत की टिप्पणी के बाद ऐसे दलों को अपनी नीतियों पर पुनर्विचार करना चाहिए।

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने गौरीगंज स्थित पार्टी कार्यालय पर पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ अमेठी में एसआईआर अभियान की समीक्षा बैठक किया। इस दौरान भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि चुनाव आयोग द्वारा 20 वर्ष बाद व्यापक स्तर पर शुरू किए गए मतदाता सूची विशेष पुनरीक्षण में भाजपा बीएलए-1 और बीएलए-2 के माध्यम से सहयोग कर रही है ताकि पात्र मतदाता सूची में शामिल हों और अपात्र नाम हटाए जा सके।

मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में परंपरा, आस्था और सांस्कृतिक विरासत निरंतर सशक्त हो रही है। उन्होंने कहा कि अयोध्या भगवान श्रीराम का जन्मस्थान है और भारतीय संस्कृति का अविभाज्य हिस्सा है। यही कारण है कि भाजपा ने अपने संकल्प पत्र में अयोध्या में भव्य राम मंदिर निर्माण का वादा किया था और आज माननीय न्यायालय के आदेश पर मंदिर का निर्माण पूरा होना 140 करोड़ लोगों के लिए सौभाग्य की बात है। केंद्र व राज्य सरकार तमाम योजनाओं के जरिये मंदिर को भव्यता प्रदान कर रही हैं।

रोहिंग्या मुद्दे पर सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी—“घुसपैठिए सुरंगों से आते हैं और गरीबों के हक पर डाका डालते हैं”—पर प्रतिक्रिया देते हुए चौधरी ने कहा कि यह सच्चाई है और सरकार इस दिशा में सकारात्मक प्रयास कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ राजनीतिक दल रोहिंग्या व बांग्लादेशी घुसपैठियों का समर्थन लेकर राजनीति करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि अदालत की टिप्पणी के बाद ऐसे दलों को अपनी नीतियों पर पुनर्विचार करना चाहिए।

संगठनात्मक स्थिति पर बोलते हुए चौधरी ने बताया कि भाजपा का संगठन पर्व पूरा हो चुका है और ढाई करोड़ से अधिक सक्रिय सदस्य बनाए गए हैं। 98 में से 84 जिलाध्यक्ष घोषित किए जा चुके हैं तथा प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव के लिए संगठन पूरी तरह तैयार है। केंद्रीय नेतृत्व प्रक्रिया आगे बढ़ाएगा तो जल्द नया प्रदेश अध्यक्ष घोषित होगा। इसके बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव के साथ ही संगठनात्मक महापर्व पूरा हो जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी