टाइल्स मिस्त्री की संदिग्ध स्थिति में मिला शव, जांच में जुटी पुलिस
- Admin Admin
- Dec 01, 2025

बोकारो, 1 दिसंबर (हि.स.)। चास नगर निगम क्षेत्र के शांति नगर निवासी टाइल्स मिस्त्री पंकज महतो का शव झरिया ओपी क्षेत्र के बोरा बांध के पास संदिग्ध परिस्थिति में सोमवार को मिला। परिजनों ने इसे हत्या करार देते हुए काम करवा रहे मकान मालिक हर्ष कर्मकार पर आरोप लगाया है।
रविवार देर शाम हर्ष कर्मकार ने पंकज के परिवार को फोन कर बताया कि वह काम छोड़कर चला गया है और अपना मोबाइल, जैकेट और बाइक वहीं छोड़ गया है। यह बात परिजनों को संदिग्ध लगी। जब वे आरोपित के घर पहुंचे तो कार और ज़मीन पर कई जगह खून के धब्बे देखे।
आरोप है कि हर्ष इन धब्बों को पानी से धोने की कोशिश कर रहा था। तत्काल सूचना पर चीरा चास थाना प्रभारी पुष्पराज पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
इसके बाद आरोपित घर में छिपा गया। पुलिस उसे पकड़कर थाने ले जाने लगी, तभी उग्र भीड़ ने उस पर हमला कर दिया। आरोप है कि कई लोगों ने उसकी पिटाई की, जिससे वह घायल हो गया। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने किसी तरह आरोपित को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।
भीड़ वापस आरोपित के घर पहुंची और वहां जमकर तोड़फोड़ की। घर की खिड़कियां, दरवाजे, गमले और वाहन क्षतिग्रस्त कर दिया गया।
आरोप है कि महिलाओं ने आरोपित की मां के साथ भी मारपीट की। वहीं गिरफ्तारी के बाद आरोपित ने कहा कि उसने पंकज की हत्या नहीं की। वह खुद ग्राइंडर से कटकर घायल हुआ और बाद में उसकी मौत हो गई।
वहीं चीरा चास थाना प्रभारी पुष्पराज ने बताया कि पंकज का शव झरिया ओपी क्षेत्र से बरामद हुआ है। पूरे मामले की जांच के लिए एक विशेष टीम लगाई गई है। मौके पर तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल कुमार



