ठाणे में महाविकास अघाड़ी में फूट, कांग्रेस अकेले लड़ेगी चुनाव

मुंबई, 29 दिसंबर (हि.स.)। महाराष्ट्र के ठाणे जिले में कांग्रेस पार्टी ने अकेले दम पर ठाणे नगर निगम चुनाव लडऩे का निर्णय लिया है। इसकी जानकारी ठाणे जिला कांग्रेस अध्यक्ष विक्रांत पाटिल ने सोमवार को दी।

विक्रांत पाटिल ने आज पत्रकारों बताया कि कांग्रेस ने ठाणे जिले में सम्मानजनक सीटों की मांग की थी। लेकिन शिवसेना यूबीटी और राकांपा एसपी गुट ने कांग्रेस को ज्यादा सीटें देने से इनकार कर दिया। बार-बार बातचीत के बावजूद सीट शेयरिंग का मुद्दा सुलझ न पाने के कारण कांग्रेस ने आखिरकार अकेले चुनाव लडऩे का फैसला किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कलवा और मुंब्रा में पूरी ताकत से अपने उम्मीदवार उतारेगी और अपने दम पर चुनाव लड़ेगी। उन्होंने यह भी कहा कि ठाणे जिले के नगर निगमों में भी अगर जल्द सम्मानजनक सीटें नहीं मिलीं तो कांग्रेस पार्टी वहां भी अपने बल पर चुनाव लडऩे का निर्णय ले सकती है।

उल्लेखनीय है कि महाराष्ट्र की २९ नगर निगमों में मंगलवार तक नामांकन भरने की अंतिम तारीख है तथा नामांकन वापसी २ जनवरी तक की जा सकती है। इसके बाद १५ जनवरी को सार्वजनिक चुनाव होंगे और मतगणना १६ जनवरी को होगी। राज्य की लगभग सभी नगर निगमों में महाविकास आघाड़ी और भाजपा गठबंधन में अनबन बनी हुई है।

______________

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव