नई सोच, नया हिसार: 149 वाहन करेंगे पूरे शहर में घर-घर कचरा संग्रहण

कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा, मेयर पोपली व निगमायुक्त नीरज ने दिखाई हरी झंडी

5 वर्ष के लिए डोर-टू-डोर का कार्य करेंगी दोनों एजेंसियां : निगमायुक्त नीरज

हिसार, 1 दिसंबर (हि.स.)। नई सोच, नया हिसार के तहत नगर निगम ने शहर की सफाई

व्यवस्था को मजबूत करने और नागरिकों को बेहतर स्वच्छता सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य

से महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण की नई प्रणाली लागू की है। आगामी

पांच वर्षों तक यह जिम्मेदारी दो एजेंसियों-करणी कॉरपोरेशन और वी वाइस लैब्स प्राइवेट

लिमिटेड को सौंपी है। दोनों एजेंसियों को शहर के सभी वार्डों में घरों, दुकानों और

प्रतिष्ठानों से नियमित कचरा संग्रहण की जिम्मेदारी दी गई है।

इस सुविधा का शुभारंभ साेमवार काे कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा, मेयर प्रवीण पोपली और निगमायुक्त

नीरज ने हरी झंडी दिखाकर किया। डोर-टू-डोर वाहनों को हरी झंडी दिखाते हुए कैबिनेट मंत्री

रणबीर गंगवा ने कहा कि स्वच्छ शहर की दिशा में यह कदम बेहद महत्वपूर्ण और प्रभावी सिद्ध

होगा। उन्होंने कहा कि नगर निगम ने शहर को दो जोनों में विभाजित कर पांच वर्षों के

लिए डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण का कार्य दो एजेंसियों को सौंपा है। इस सेवा की शुरुआत

आज औपचारिक रूप से की गई। दोनों एजेंसियां कुल 149 वाहनों की मदद से पूरे शहर में कचरा

एकत्र करेंगी और उसे प्रोसेसिंग साइट तक पहुँचाएंगी। मंत्री ने कहा कि यह पहल शहरवासियों

के लिए एक बड़ी सौगात है और निश्चित रूप से स्वच्छता व्यवस्था को नई गति प्रदान करेगी।

मेयर प्रवीण पोपली ने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य नागरिकों को अधिक प्रभावी

और सुगम सेवाएँ प्रदान करना है। इसी के तहत शहर को दो जोनों में बांटा गया है। जोन-1

में वार्ड 1 से 10 तक करणी कॉरपोरेशन को कार्य सौंपा गया है, जबकि जोन 2 में वार्ड

11 से 20 तक वी वाइस लैब्स प्राइवेट लिमिटेड कचरा संग्रहण का कार्य करेगी। मेयर ने

कहा कि इस बार पहले की तुलना में अधिक वाहन लगाए गए हैं ताकि शहर के हर हिस्से में

समय पर कचरा संग्रहण सुनिश्चित किया जा सके। इसके साथ ही नगर निगम जल्द ही एक मोबाइल ऐप लॉन्च करने की तैयारी में है, जिसके

माध्यम से नागरिक कचरा संग्रहण वाहनों की रियल-टाइम लोकेशन, उनके आने का संभावित समय

और वाहन की गति जैसी जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। यह प्रणाली न केवल पारदर्शिता बढ़ाएगी,

बल्कि नागरिकों को सेवा का वास्तविक अनुभव भी बेहतर करेगी।

निगमायुक्त नीरज ने कहा कि डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण की शुरुआत की गई है। पूरे

शहर को 2 जोन में बांटा गया है जिसमें अलग-अलग एजेंसियां कार्य करेंगी। दोनों एजेंसियों

को अलगे 5 वर्ष के लिए कार्य करने के लिए टेंडर दिया गया है। उन्होंने कहा कि वी वायस

लैब्स प्राइवेट लिमिटेड एजेंसी के सभी 75 वाहन इलेक्ट्रिक है जबकि करणी कॉरपोरेशन के

18 वाहन इलेक्ट्रिक है। निगमायुक्त ने कहा कि निगम का उद्देश्य लोगों को कचरा सेग्रीगेशन

के प्रति जागरूक करना और उन्हें इसके लिए प्रेरित करना है। इसके लिए नगर निगम अधिकारियों,

सीएसआई, एएसआई और एचएसआई की ड्यूटियां निर्धारित कर दी गई हैं, जो न केवल निगरानी करेंगे

बल्कि नागरिकों को कचरा अलग-अलग डालने के लिए जागरूक भी करेंगे। उन्होंने यह भी कहा

कि जल्द ही एक ऐप के माध्यम से मेयर, पार्षदों और अधिकारियों को लॉगिन आईडी उपलब्ध

कराई जाएगी, जिससे वे डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण वाहनों की लोकेशन और स्पीड की जानकारी

वास्तविक समय में जान सकेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर