खलिहान में आग से पांच बीघा धान राख, दो जगहों पर किसानों की मेहनत खाक

मीरजापुर, 4 दिसंबर (हि.स.)। राजगढ़ थाना क्षेत्र के कुड़ी गांव में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया जब एक किसान के खलिहान में अचानक आग भड़क उठी और देखते ही देखते पांच बीघा धान जलकर राख हो गया। कुड़ी गांव निवासी रामधनी बिंद बकियावाद के एक किसान की पांच बीघा भूमि बटाई पर लेकर धान की खेती कर रहे थे। कटाई के बाद सिवान में खलिहान बनाकर मड़ाई के लिए धान रखा गया था।

इसी दौरान खलिहान में रखे धान के बोझ में अचानक आग लग गई। कुछ दूर सरसों की सिंचाई कर रहे एक किसान ने धुआं उठता देखा और तत्काल रामधनी को सूचना दी। पहले ग्रामीणों ने खुद आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तेज लपटों के सामने सभी प्रयास विफल हो गए और पूरी फसल जलकर राख में बदल गई। फसल खत्म होने से किसान के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।

वहीं दूसरी घटना जमालपुर थाना क्षेत्र के बियरही गांव में बुधवार की शाम सामने आई, जहां हार्वेस्टिंग के दौरान थ्रेसर से निकली चिंगारी ने खेत में रखे धान के गट्ठर और पुआल को आग लगा दी। गांव निवासी किसान अंजनी सिंह की फसल कुछ ही समय में भस्म हो गई।

खड़ेहरा निवासी नंदलाल सिंह की ढाई बीघा भूमि बटाई पर लेकर अंजनी खेती कर रहे थे। आग लगने से करीब एक बीघा का पुआल और डेढ़ बीघा धान का गट्ठर जलकर राख हो गया। ग्रामीणों ने प्रयास तो किए, लेकिन आग ने विकराल रूप लेते हुए सब कुछ निगल लिया।

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा