आप नेता आतिशी पर गुरुओं के अपमान का आरोप:पंजाब में भाजपा, अकाली, कांग्रेस ने आप सरकार को घेरा, दिल्ली विस का वीडियो शेयर किया
- Admin Admin
- Jan 08, 2026
दिल्ली विधानसभा सेशन में आप की पूर्व मंत्री और CM रही आतिशी के बयान पर पंजाब में सियासत गरमा गई है। इसे लेकर पंजाब भाजपा ने एक आतिशी का एक वीडियो जारी किया है जिसमें वह सिख गुरुओं पर कुछ कह रही हैं। भाजपा का दावा है कि इसमें आतिशी ने सिख गुरुओं का अपमान किया है। भाजपा ने विडियो टेक्स्ट पर लिखा है कि आतिशी ने टिप्पणी की कि गुरुओं का सम्मान करो, कुत्तों का सम्मान करो। ये किस संदर्भ में बोला गया है, इस पर आप ने टिप्पणी नहीं की है। भाजपा की तरफ से अपलोड विडियो तेजी से फैल रहा है। इस पर लोगों और पॉलिटिकल पार्टियों के रिएक्शन देखने को मिल रहे हैं। भाजपा ने वीडियो शेयर करते हुए लिखा- भाजपा की सिख गुरु साहिबान के प्रति अपार श्रद्धा है। इसी श्रद्धा के तहत भाजपा सिख गुरुओं के प्रकाश पर्व और शहीदी दिवस पूरे सम्मान के साथ मनाती आई है, परंतु विपक्षी दलों को यह बात बर्दाश्त नहीं है। आ म आदमी पार्टी की नेता आतिशी मार्लेना ने दिल्ली विधानसभा में सिख गुरु साहिबानों के बारे में की गई अपमानजनक टिप्पणी उनकी सिख भावनाओं के प्रति नफरत का खुला सबूत है। दिल्ली भाजपा नेता सिरसा ने कहा कि जब पूरा सदन गुरु साहिबानों का सम्मान कर रहा था, तब आम आदमी पार्टी की नेत्री आतिशी मार्लेना हमारे गुरु साहिबों का अपमान कर रही थीं! यही हैं इनके असली संस्कार। जानें आतिशी के वीडियो पर किसी पार्टी ने क्या कहा- सुखबीर बादल ने कहा-आतिशी पर केस दर्ज हो शिरोमणि अकाली दल के प्रधान सुखबीर बादल ने कहा कि जिस प्रकार दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी की नेता आतिशी मार्लेना ने दिल्ली विधानसभा में हमारे महान गुरु साहिबान के बारे में अपमानजनक टिप्पणी की है, उसने संपूर्ण सिख कौम की भावनाओं को गहरी ठेस और पीड़ा पहुंचाई है। यह आम आदमी पार्टी, इसके प्रमुख अरविंद केजरीवाल और उनके कठपुतली मुख्यमंत्री भगवंत मान की सिख विरोधी मानसिकता का स्पष्ट प्रकटीकरण है। हम मांग करते हैं कि धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के आरोप में BNS की धारा 299 के तहत आतिशी मार्लेना के खिलाफ तुरंत मामला दर्ज किया जाए और उनकी दिल्ली विधानसभा की सदस्यता रद्द की जाए। परगट सिंह बोले-आतिशी की टिप्पणी सिखों पर हमला पंजाब कांग्रेस ने भी भाजपा द्वारा शेयर वीडियो को अपने इंस्टा पर अपलोड कर पंजाब में भगवंत मान को घेरा है। जालंधर कैंट से कांग्रेस एमएलए परगट सिंह ने लिखा- दिल्ली विधानसभा के अंदर विपक्ष की नेता आतिशी ने सिख गुरु साहिबान के बारे में अपमानजनक टिप्पणी की है। ये टिप्पणी हमारी धार्मिक भावनाओं पर सीधा और अस्वीकार्य हमला है। यह बहुत हैरानीजनक है कि आम आदमी पार्टी के नेता यह समझते हैं कि वे विधानसभा के अंदर हमारे गुरु साहिबान का अपमान करके बच सकते हैं। नास्तिक सोच से जन्मी पार्टी का यह अहंकार उसकी मानसिकता को दर्शाता है जिसने अपना नैतिक मापदंड खो दिया है। हमारे गुरु साहिबान ने सरबत दा भला (सबका भला) और ज़ुल्म के खिलाफ डटकर खड़े होने की शिक्षा दी है। उन गुरुओं के खिलाफ इस तरह की भाषा लोकतांत्रिक मूल्यों पर एक कलंक है। आतिशी को सिख और पंजाबी समुदाय से तुरंत सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए।



