जालंधर में विजिलेंस विभाग की कार्रवाई:नगर निगम का क्लर्क ₹2000 की रिश्वत लेते गिरफ्तार, घर से ₹2.72 लाख बरामद
- Admin Admin
- Jan 08, 2026
पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही अपनी मुहिम के तहत जालंधर नगर निगम की जल सप्लाई और सीवरेज शाखा में तैनात क्लर्क करुण धीर को 2000 रुपए रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। विजिलेंस टीम ने आरोपी के घर की तलाशी के दौरान 2.72 लाख रुपए नकद भी बरामद किए हैं। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार रोकथाम कानून के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पंजाब विजिलेंस ब्यूरो द्वारा प्रदेश में भ्रष्टाचार के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में विजिलेंस ब्यूरो की जालंधर टीम ने नगर निगम जालंधर की जल सप्लाई और सीवरेज शाखा में तैनात क्लर्क करुण धीर को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। आरोपी को राम नगर, जालंधर निवासी एक व्यक्ति की शिकायत के आधार पर गिरफ्तार किया गया। राज्य विजिलेंस ब्यूरो के प्रवक्ता ने बताया कि शिकायतकर्ता पिछले करीब 15 महीनों से जालंधर के दोआबा चौक के पास एक अहाता चला रहा है। शिकायत के अनुसार, आरोपी करुण धीर शिकायतकर्ता के अहाते पर पहुंचा और उस पर गैर-कानूनी पानी कनेक्शन इस्तेमाल करने और गंदा पानी सीवरेज में डालने का आरोप लगाया। इस बहाने उसने पानी और सीवरेज कनेक्शन काटने की धमकी दी। आरोपी ने कनेक्शन न काटने के बदले मांगे पैसे शिकायतकर्ता ने आरोपी को बताया कि उसका कनेक्शन लगभग 15 वर्षों से वैध रूप से चल रहा है, इसके बावजूद आरोपी क्लर्क लगातार उसे डराता और धमकाता रहा। आरोपी ने कनेक्शन न काटने के बदले 2000 रुपए रिश्वत की मांग की। परेशान होकर शिकायतकर्ता ने विजिलैंस ब्यूरो से संपर्क किया और पूरे मामले की शिकायत दर्ज करवाई। आरोपी छोटे-छोटे कामों के बदले लेता था रिश्वत प्रवक्ता के अनुसार, शिकायतकर्ता ने आरोपी द्वारा रिश्वत मांगने की बातचीत को सबूत के तौर पर रिकॉर्ड भी कर लिया था। शिकायत की प्रारंभिक जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपी करुण धीर लोगों से छोटे-छोटे कामों के बदले नियमित रूप से रिश्वत लेता था। विजिलेंस ब्यूरो ने बिछाया जाल शिकायत की पुष्टि होने के बाद विजिलेंस ब्यूरो ने जाल बिछाया और दो सरकारी गवाहों की मौजूदगी में आरोपी को 2000 रुपए रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद विजिलेंस टीम ने आरोपी के घर की तलाशी ली, जहां से 2.72 लाख रुपए नकद बरामद किए गए। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार रोकथाम कानून के तहत केस दर्ज इस मामले में विजिलेंस ब्यूरो थाना जालंधर में आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार रोकथाम कानून के तहत केस दर्ज किया गया है। विजिलेंस ब्यूरो का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है और आरोपी की संपत्ति व आय के स्रोतों की भी जांच की जाएगी।



