लुधियाना में कबड्‌डी खिलाड़ी की हत्या में 12 लोग शामिल:पुलिस ने 5 लोगों को किया नामजद, 7-8 अज्ञात लोगों पर की FIR, एक गिरफ्तार

पंजाब के लुधियाना में जगराओं के माणूके गांव में कबड्‌डी खिलाड़ी व विधायक के भतीजे गगनदीप सिंह की हत्या में 12 से अधिक लोग शामिल थे। यह खुलासा पुलिस की तरफ दर्ज की गई FIR से हुआ है। पुलिस ने मृतक की मां के बयानों पर कुल 12 से 13 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है। पुलिस ने एफआईआर में पांच लोगों के नाम दर्ज किए हैं जबकि 7 से 8 लोगों की पहचान नहीं हो पाई है। इसलिए पुलिस ने 7-8 अज्ञात लोगों के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज की है। परिवार के लोगों का कहना है कि पुलिस ने अगर पांच दिन पहले हुई लड़ाई की शिकायत पर कार्रवाई की होती तो गगनदीप सिंह की हत्या नहीं होती। हत्या के आरोप में इनके खिलाफ हुई FIR मृतक की मां के बयान पर पुलिस ने हत्या के आरोप में गुरसेवक सिंह उर्फ मोटा, निक्का सिंह उर्फ घारू, प्रदीप दास उर्फ पप्पा, जसपाल सिंह हंसा (सभी निवासी माणूके) और गुरदीप सिंह (निवासी राउके रोड, बधनी कलां) पर्चा दर्ज किया है। पुलिस ने गुरदीप सिंह को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपी अभी भी फरार हैं। 31 दिसंबर को हुआ था गांव में झगड़ा एकम सिंह के बयानों के अनुसार, 31 दिसंबर को गांव में एक झगड़ा हुआ था, जिसकी शिकायत थाना हठूर पुलिस को दी गई थी। इस दौरान गुरसेवक सिंह ने तलवार से हमला कर एकम सिंह को घायल कर दिया था। आरोप है कि पुलिस ने तब आरोपियों के खिलाफ कोई सख्त कार्रवाई नहीं की थी। मृतक की मां गुरमीत कौर ने बताया कि गगनदीप सिंह ने एकम सिंह के परिवार के साथ हो रही ज्यादतियों का विरोध किया था, जिसके कारण आरोपी उससे रंजिश रखने लगे थे। 5-6 मोटर साइकिलों पर आए थे आरोपी सोमवार दोपहर को आरोपियों ने 5-6 मोटरसाइकिलों और एक कार में सवार होकर गगनदीप सिंह को घेर लिया। हथियारों से लैस आरोपियों ने पहले उसके साथ बदसलूकी की और फिर खेतों में दौड़ाकर गोलियां मारीं। पेट में गोली लगने से गंभीर रूप से घायल गगनदीप सिंह ने सिविल अस्पताल जगराओं में दम तोड़ दिया।