कांग्रेस में गुटबाजी, राजा वड़िंग को मिला युवाओं का साथ:पंजाब में 80 नए चेहरों को टिकट देने वाले बयान से युवा कांग्रेसी उत्साहित
- Admin Admin
- Jan 06, 2026
पंजाब प्रदेश कांग्रेस में चल रही गुटबाजी के बीच अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने तुरुप का इक्का चलकर अपने गुट को मजबूत कर दिया। राजा वड़िंग ने विधानसभा चुनाव 2027 में युवाओं व नए चेहरों को 80 टिकट देने का बयान दिया तो पंजाब के युवा नेताओं में भी विधायक बनने की आज जग गई। अब पंजाब के युवा कांग्रेसी नेता खुलकर राजा वड़िंग के साथ खड़े हो गए हैं। युवाओं का साथ मिलने के बाद राजा वड़िंग एक बार फिर से पंजाब प्रदेश कांग्रेस में अपनी स्थिति को मजबूत बनाने में सफल होते दिख रहे हैं। राजा वड़िंग के बयान के बाद युवा नेता सोशल मीडिया पर आगर उनकी प्रशंसा कर रहे हैं और इसे राहुल गांधी की सोच बता रहे हैं। वहीं दूसरी तरफ राजा वड़िंग के बयान से कांग्रेस के कद्दावर नेताओं की नींद उड़ गई। राहुल गांधी की सोच को बढ़ा रहे राजा वड़िंग पंजाब यूथ कांग्रेस के प्रधान मोहित मोहिंद्रा का कहना है कि राहुल गांधी युवाओं को मौका देने की बात करते हैं। अब राजा वड़िंग ने उनकी सोच को आगे बढ़ाया है। इससे पंजाब के युवा खुश हैं। उन्होंने कहा कि कई युवा पार्टी से जुड़ने से गुरेज कर रहे थे कि उन्हें कभी मौका मिलेगा या नहीं लेकिन इस तरह के फैसलों से युवा पार्टी से जुड़ेंगे। मोहित मोहिंद्रा का कहना है कि युवा जब राजनीति में होंगे और उन्हें विधायक बनने का मौका मिलेगा तो पंजाब की राजनीति भी नए रंग में दिखेगी। यही नहीं युवाओं की सोच से प्रदेश भी आगे बढ़ेगा। जिस युवा में टैलेंट होगा पार्टी उसे टिकट देगी। उन्होंने बताया कि राजा वड़िंग के इस फैसले से पार्टी के युवा उनके साथ हैं। महिलाओं में बढ़ी उम्मीदें पंजाब महिला कांग्रेस की अध्यक्ष गुरशरण कौर रंधावा का कहना है कि पंजाब कांग्रेस में बहुत सी पढ़ी लिखी और कर्मठ महिलाएं हैं। जो कि चुनाव लड़ने की सामर्थ्य रखती हैं लेकिन उन्हें मौके नहीं मिलते हैं। राजा वड़िंग के इस बयान से महिलाएं भी आशान्वित हो गई हैं। उन्होंने कहा कि जो महिलाएं योग्य होंगी उनके लिए महिला कांग्रेस टिकट की मांग करेगी। अब नेताओं के बेटे व रिश्तेदारों को नहीं मिलेंगे टिकट पंजाब यूथ कांग्रेस के प्रदेश महासचिव लक्की संधू का कहना है कि राजा वड़िंग के इस बयान से युवाओं में एनर्जी आ गई है। उन्होंने कहा कि पहले मंत्री, विधायक और बड़े नेताओं के बेटों, पत्नियों व रिश्तेदारों को टिकट मिलते थे। लेकिन अब नए चेहरों व ग्राउंड लेवल पर काम करने वालों को टिकट देने की बात की जा रही है अब नेताओं के बेटों व रिश्तेदारों को टिकट नहीं मिलेंगे। उन्होंने कहा कि अब जमीन पर काम करने वाला कार्यकर्ता भी विधायक बनने की सोच सकता है। उन्होंने कहा कि राजा वड़िंग ने इस तरह का बयान देकर पार्टी के युवाओं की आस जगा दी है। राहुल गांधी के इशारे पर तो नहीं दिया बयान पंजाब प्रदेश कांग्रेस के प्रधान राजा वड़िंग ने 80 नए चेहरों को टिकट देने का बयान दिया और उसके बाद युवाओं व महिलाओं ने उनका साथ देना शुरू कर दिए। सीनियर नेताओं को लग रहा है कि राहुल गांधी के इशारे पर ही राजा वड़िंग ने यह बयान दिया है। हालांकि सीनियर नेता राजा वड़िंग के इस बयान से इत्तफाक नहीं रखते। राजा वड़िंग के बयान पर ऐसे फंसेगा पेंच पंजाब में विधानसभा की 117 सीटें हैं जिसमें से राजा वड़िंग के बयान के हिसाब से 80 सीटें नए चेहरों को दी जाएंगी। उसमें भी वो चेहरे होंगे जो जमीन पर काम कर रहे हैं। जिससे साफ है कि नेताओं के बच्चों को टिकट नहीं मिलेगी बल्कि आम कार्यकर्ताओं को टिकट दी जानी हे। बाकी की 37 सीटों पर ही पुराने नेताओं को मौका मिल सकेगा। विधानसभा में कांग्रेस के 15 मौजूदा विधायक हैं और उसके बाद तीन सांसद अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग, चरणजीत सिंह चन्नी व सुखजिंदर सिंह रंधावा भी विधानसभा चुनाव लड़ने की तैयारी में हैं।ऐसे में 18 सीटें तो इनकी हो गई और फिर बची 18 सीटों के लिए 11 पूर्व कैबिनेट मंत्री भी टिकट के दावेदार हैं। इसके अलावा 2022 में चुनाव हारने वाले 35 अन्य उम्मीदवार हैं जो कि सीनियर लेवल के नेता हैं और उनके टिकट काटना राजा वड़िंग व कांग्रेस पार्टी के लिए मुश्किल होगा। अगर पार्टी ने इन नेताओं के टिकट काटे तो पार्टी में बड़ी बगावत हो सकती है और उसका खामियाजा पार्टी को झेलना पड़ सकता है।



