गुरुनगरी में डोनाल्ड ट्रंप का पुतला फूंका, वेनेजुएला के राष्ट्रपति और पत्नी की तत्काल रिहाई की मांग की
- Admin Admin
- Jan 06, 2026
भास्कर न्यूज|श्री आनंदपुर साहिब वामपंथी पार्टियों की केंद्रीय समिति के आह्वान पर आज नज़दीकी गांव ढेर में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का पुतला फूंककर रोष प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी की तत्काल रिहाई की मांग की। सीपीआईएम के जिला सचिवालय सदस्य कामरेड सुरजीत सिंह ढेर और जसविंदर सिंह भंगाला की अगुवाई में स्थानीय बस स्टैंड पर हुए इस प्रदर्शन में नेताओं ने कहा कि अमेरिका अपनी दादागिरी पूरी दुनिया पर थोपना चाहता है और उसका सपना दुनियाभर में अपनी मंडियां स्थापित करने का है। जो भी देश उसके खिलाफ आवाज उठाता है, अमेरिका उस पर सैन्य हमले करता है। इससे पहले इराक और अफगानिस्तान में भारी तबाही मचाकर इन देशों को बर्बाद किया गया और अब वेनेजुएला को निशाना बनाया जा रहा है। नेताओं ने आरोप लगाया कि अमेरिका की नजर वेनेजुएला के प्राकृतिक संसाधनों पर है। प्रदर्शनकारियों ने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार से मांग की कि वे वेनेजुएला के समर्थन में मजबूती से खड़े हों और उस देश की मदद करें। इस दौरान राजिंदर सिंह डोड, चरण सिंह अटवाल, बरजिंदर सिंह डोड, सूबेदार हरजाप सिंह भंगाल, सहरजाप सिंह वडियाल, प्रधान प्रेम सिंह अटवाल, गुरदयाल सिंह अटवाल, सोहन लाल, परमजीत सिंह काकू, गुरचरण सिंह कूनर, बलवीर सिंह अटवाल सहित बड़ी संख्या में अन्य साथी मौजूद रहे।



