भाजपा ने जलगांव में पार्टी विरोधी काम करने वाले 27 पदाधिकारियों को पार्टी से निकाला

मुंबई, 09 जनवरी (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के जलगांव जिला भाजपा कार्यालय ने जलगांव नगर निगम चुनाव में पार्टी विरोधी काम करने वाले 27 पदाधिकारियों को पार्टी से निकाल दिया है। यह जानकारी प्रदेश भाजपा कार्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में दी है।

जलगांव भाजपा की प्रेस विज्ञपित के अनुसार भाजपा की ओर से जलगांव नगर निगम चुनाव के लिए पूर्व मंत्री गुलाबराव देवकर के बेटे प्रफुल्ल देवकर को टिकट दिया था। लेकिन जलगांव नगर निगम के पूर्व स्टैंडिंग कमेटी चेयरमैन जितेंद्र मराठे ने बगावत कर दी है। इसके अलावा सुरेश भोले और संगीता पाटिल सहित उनके समर्थकों ने भी प्रफुल्ल देवकर का विरोध किया था। इन सभी को जलगांव भाजपा की ओर से दो दिन पहले कारण बताओ नोटिस दी गई थी। लेकिन इन लोगों ने कोई भी सफाई नहीं दी, इसलिए भाजपा ने इन 27 लोगों को सीधे पार्टी से निकाल दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव