जोधपुर, 2 जनवरी (हि.स.)। शहर में नए साल के दूसरे दिन सुबह शीत लहर चलने से ठंड और अधिक बढ़ गई। दो दिन पहले हुए बारिश के बाद से यहां सर्दी का असर तेज हो गया है। सुबह कोहरा भी छाया रहता है। शुक्रवार सुबह कोहरा और ठंडी हवाएं चलीं, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ।
सुबह से ही सर्दी ने लोगों की दिनचर्या पर असर डाला। सुबह सूर्यदेव के दर्शन भी देरी से हुए जिससे दिनभर ठिठुरन बनी रही। कोहरे के कारण दृश्यता भी काफी कम रही। सडक़ों पर आम लोगों की आवाजाही बेहद कम दिखी। आवश्यक कार्यों से निकले लोग भी अपना काम निपटाकर जल्द ही घरों को लौट गए।
लोग गर्म कपड़ों में लिपटे और जगह-जगह अलाव तापते नजर आए। बढ़ी हुई सर्दी के कारण अलाव, गर्म कपड़े और गर्म तासीर वाली वस्तुओं की बिक्री में इजाफा हुआ। तापमान में गिरावट से रबी की फसलों को लाभ मिलने की उम्मीद है, जिससे किसानों के चेहरे पर खुशी दिखाई दी। कोहरे के चलते हाईवे पर वाहन चालकों को हेडलाइट जलाकर चलना पड़ा। मौसम में यह अचानक बदलाव पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से आया है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश



