कोल्हापुर में वृद्ध माता-पिता की हत्या करने वाला आरोपित गिरफ्तार
- Admin Admin
- Dec 19, 2025
मुंबई, 19 दिसंबर (हि.स.)। महाराष्ट्र के कोल्हापुर जिले में स्थित हुपरी में शुक्रवार को सुबह अपने बूढ़े माता-पिता की बेरहमी से हत्या करने वाले आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने वृद्ध दंपति का शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और आगे की छानबीन कर रही है।
इस घटना की जांच कर रहे पुलिस अधिकारी ने बताया कि सुनील नारायण भोसले (48) हुपरी में अपने वृद्ध माता -पिता के साथ रह रहा था। आज सुबह अचानक सुनील ने कांच के टुकड़े से अपनी मां का नस काट दिया और अपने पिता के सिर पर लाठी से वार किया। इस घटना में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद सुनील तत्काल हुपरी पुलिस स्टेशन में पहुंचा और पुलिस के सामने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस को अभी तक इस बेरहमी से की गई हत्या के पीछे का कारण पता नहीं चला है। हालांकि, पुलिस को घटना के पीछे पारिवारिक कलह का शक है। सबूत इकट्ठा करने के लिए फोरेंसिक लैब की टीम भी मौके पर पहुंची। इस घटना में मारे गए वृद्ध दंपति की पहचान नारायण गणपतराव भोसले (78) और उनकी पत्नी विजयमाला (70) के रूप में हुई है। पुलिस आगे की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव



