बागडोगरा से बेंगलुरु की उड़ान रद्द होने से यात्रियों में आक्रोश

सिलीगुड़ी, 4 दिसंबर (हि.स)। बागडोगरा एयरपोर्ट से बेंगलुरु जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट दो दिनों से रद्द होने के कारण यात्रियों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। बुधवार को दोपहर 12.30 बजे उड़ान भरने वाली फ्लाइट की बोर्डिंग पूरी होने के बाद अचानक उसे कैंसल कर दिया गया। एयरलाइन की ओर से यात्रियों को गुरुवार के टिकट दिए गए थे।

लेकिन जब गुरुवार सुबह यात्री दोबारा एयरपोर्ट पहुंचे तो उन्हें फिर फ्लाइट रद्द होने की जानकारी दी गई। इसके बाद यात्रियों को छह दिसंबर की नई तारीख दी जा रही है या रिफंड का विकल्प पेश किया जा रहा है। यात्रियों का आरोप है कि रिफंड के नाम पर भारी कैंसिलेशन चार्ज काटा जा रहा है।

यात्रियों ने बताया कि कई लोग बेंगलुरु मेडिकल ट्रीटमेंट के लिए जा रहे थे, जबकि कुछ के महत्वपूर्ण जॉब इंटरव्यू थे। फ्लाइट के बार-बार कैंसिल होने से उन्हें गंभीर परेशानी और आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है।

साथ ही, यात्रियों ने आरोप लगाया कि एयरपोर्ट अधिकारी फ्लाइट कैंसल होने का स्पष्ट कारण नहीं बता रहे हैं। मामले पर एयरपोर्ट प्रशासन की ओर से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं मिल पाई है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार