महाराष्ट्र सूबे के सभी स्थानीय चुनाव एक बड़े गठबंधन के तौर पर लड़े जाएंगे: रवींद्र चव्हाण

मुंबई, 12 दिसंबर (हि.स.)। महाराष्ट्र के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र चव्हाण ने शुक्रवार को बताया कि आने वाले स्थानीय चुनाव एक बड़े गठबंधन के तौर पर लड़े जाएंगे।

रवींद्र चव्हाण ने शुक्रवार को नागपुर में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि स्थानीय निकाय चुनाव को लेकर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले के साथ बैठक आयोजित की गई थी। इस बैठक में महाराष्ट्र में होने वाले महानगर पालिका चुनाव को लेकर रणनीति तय की गई है। साथ ही महाराष्ट्र सरकार में शामिल भाजपा, शिवसेना शिंदे समूह और राकांपा अजीत पवार गुट एक साथ चुनाव मैदान में उतरेंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बैठक में कहा कि महानगर पालिका चुनाव में राज्य सरकार और केंद्र सरकार की ओर से किए गए विकास कार्यों का प्रचार किया जाएगा। साथ ही, लोगों के हित और विकास की योजनाओं को लोगों तक पॉजिटिव तरीके से पहुंचाना भी जरूरी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव