लखनऊ, 08 दिसम्बर (हि.स.)। लखनऊ के थाना रहीमाबाद पुलिस ने प्रतिबंधित वन्य जीव फ्लाइंग फॉक्स (चमगादड़ की संरक्षित प्रजाति) का शिकार करने वाले दो युवकों को गिरफ्तार किया है। यह जानकारी थाना प्रभारी रहीमाबाद अरुण कुमार त्रिगुनायक ने दी।
सोमवार को पुलिस टीम दरोगा चक्की चौराहा में चेकिंग कर रही थी, इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध युवकों राहुल (23) और विशाल कुमार (19) को रोका गया। ये दोनों रहीमाबाद थाना क्षेत्र के ही रहने वाले हैं। तलाशी में उनके पास से पीली बोरी में भरे 24 चमगादड़ मिले, जिनमें से 2 जीवित थे और बाकी मृत अवस्था में। इसके साथ ही एक शिकारी जाल और रस्सी भी बरामद हुई।
थाना प्रभारी अरुण कुमार त्रिगुनायक ने बताया कि पूछताछ में दोनों ने चमगादड़ों को पकड़ने और शिकार करने की बात स्वीकार की। सूचना पर पहुंचे वन विभाग अधिकारियों ने पुष्टि की कि फ्लाइंग फॉक्स वन्य जीव संरक्षण अधिनियम 1972 के तहत संरक्षित है और इसका शिकार पूरी तरह प्रतिबंधित व दंडनीय अपराध है। उन्होंने कहा कि आरोपितों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ वन्य जीव संरक्षण अधिनियम की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Harsh Gautam



