व्यक्ति का फंदे से झूलता शव बरामद

सिलीगुड़ी, 16 जनवरी (हि. स.)। सिलीगुड़ी महकमा के फांसीदेवा में एक व्यक्ति ने फंदे से लटककर जान दे दी है। मृतक की पहचान प्रह्लाद बसाक (38) के रूप में हुई है। मृतक मूल रूप से जलपाईगुड़ी के निवासी थे। वह एक निजी वित्तीय संस्था में कोषाध्यक्ष के पद पर कार्यरत थे और पिछले सात वर्षों से इस पेशे से जुड़े हुए थे।

मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह वह रोज़ की तरह काम पर आए थे। इसके बाद किराए के मकान में बाथरूम जाने के दौरान उन्होंने फांसी लगा लिया। काफी देर तक फोन पर संपर्क न होने पर उनके सहकर्मी घर पहुंचे, जहां उन्होंने प्रह्लाद को फंदे से लटका हुआ पाया। तुरंत उन्हें फांसीदेवा ग्रामीण अस्पताल ले जाया गया, जहां ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

सहकर्मी की अचानक मौत से कार्यालय के अन्य कर्मचारी गहरे सदमे में है।

बताया गया है कि पिछले तीन वर्षों से वह फांसीदेवा स्थित कार्यालय में कार्यरत थे। आत्महत्या के पीछे मानसिक अवसाद या काम के दबाव की वजह क्या थी, इसका अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। घटना की जांच फांसीदेवा थाने की पुलिस ने शुरू कर दी है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार