मुंबई नगर निगम में पहले दो घंटों में 6.98 फीसदी मतदान

मुंबई, 15 जनवरी (हि.स.)। मुंबई नगर निगम में गुरुवार सुबह पहले दो घंटों में 6.98 फीसदी मतदान दर्ज किया गया है। यह जानकारी राज्य चुनाव आयोग के आंकड़ों से मिली है। मुंबई में मतदान की रफ्तार काफी धीमी है।

मुंबई नगर निगम के सभी 227 वार्डों में मतदान की प्रक्रिया सुबह 7.30 बजे शुरू हुई जो शाम 5.30 बजे खत्म होगी। मुंबई में 227 सीटों के लिए कुल 1,729 उम्मीदवार मैदान में हैं। शहर में सभी वार्डों में कुल 1,03,44,315 मतदाता हैं, इनमें 55,16,707 पुरुष, 48,26,509 महिलाएं और 1,077 अन्य लिंग के मतदाता शामिल हैं। इस चुनाव को लेकर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। वोटिंग सुचारू रूप से कराने के लिए लगभग 25,000 पुलिस कर्मियों और वरिष्ठ अधिकारियों को तैनात किया गया है।

मुंबई नगर निगम का पिछला चुनाव साल 2017 में हुए थे और मुंबई नगर निगम का कार्यकाल 7 मार्च, 2022 को खत्म हो गया। तब से, मुंबई नगर निकाय का कामकाज एक प्रशासक संभाल रहा है। मतगणना कल १६ जनवरी को होगी।

मुंबई नगर निगम के लिए आज सुबह विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर ने सपरिवार कुलाबा में मतदान किया है। उन्होंने मतदाताओं को मतदान की अपील की है। विलेपार्ले में स्थित साठे कालेज में बनाए गए मतदान केंद्र पर जाकर भाजपा नेता विनोद तावड़े ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया है। विनोद तावड़े ने कहा कि मुंबई की जनता विकास के लिए मतदान कर रही है। इस चुनाव में भावनातत्मक मुद्दों को कोई जगह नहीं है। इसी तरह जोगेश्वरी में सांसद रविंद्र वायकर ने मतदान किया है। वायकर ने शिक्षित उम्मीदवारों को मतदान करने की अपील की है। पूर्व मंत्री नवाब मलिक ने कुर्ला में मतदान किया और उन्होंने लोगों से मतदान करने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव