हरियाणा के 7 जिलों में धुंध, शीतलहर भी चली:रोडवेज बस 60KM की स्पीड से चलेंगी, मंत्री विज ने सड़क हादसों पर रिपोर्ट मांगी

हरियाणा के 7 जिलों में आज सुबह धुंध छाई। इनमें हिसार, सिरसा, कैथल, यमुनानगर, करनाल, पानीपत और सोनीपत शामिल हैं। पानीपत में सुबह शीतलहर भी चली। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 7 जिलों में आज गहरी धुंध का यलो अलर्ट जारी किया है, इनमें सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, जींद और रोहतक शामिल हैं। इससे पहले 13, 14 और 15 दिसंबर को गहरी धुंध देखने को मिली थी। जीरो विजिबिलिटी की वजह से कई जिलों में वाहन आपस में टकरा गए। करीब 8 लोगों की मौत हो गई। इसके बाद 16 दिसंबर को अधिकतर जिलों में मौसम साफ रहा। राज्य में घनी धुंध के चलते परिवहन मंत्री अनिल विज ने लगातार हो रही दुर्घटनाओं पर रिपोर्ट तलब की है। उन्होंने रोडवेज के ड्राइवरों को 60 किलोमीटर प्रति घंटा की स्पीड से ही बस चलाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, सभी बसों के आगे और पीछे रिफ्लेक्टर लगाने के भी निर्देश दिए गए हैं। यदि ड्राइवर और कंडक्टर इन निर्देशों का पालन नहीं करते हैं, तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं मौसम एक्सपर्ट का कहना है कि पहाड़ों से मैदानों की ओर से हवा बहने से न्यूनतम तापमान में एक बार फिर गिरावट आ सकती है। राजस्थान से सटे इलाकों में नमी बढ़ने से धुंध आ सकती है। धुंध की तस्वीरें... नारनौल में पारा 4 डिग्री तक गिरा नारनौल में अधिकतम तापमान में 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट देखी गई है। नारनौल में अधिकतम तापमान 20.5 डिग्री दर्ज किया गया है। इसके अलावा हिसार में पारा 23.1 डिग्री दर्ज किया गया जो औसत से 0.8 डिग्री अधिक है। अंबाला में सबसे ज्यादा तापमान में बढ़ोतरी देखी गई। यहां तापमान 3.1 डिग्री बढ़कर 24.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। न्यूनतम तापमान भी नारनौल में सबसे कम प्रदेश के न्यूनतम तापमान में कल 0.5 की मामूली गिरावट दर्ज की गई है। हालांकि यह सामान्य तापमान के लगभग करीब है। नारनौल (महेंद्रगढ़) की रात सबसे ठंडी रही, जहां न्यूनतम तापमान 6.0 रिकॉर्ड किया गया। अन्य प्रमुख स्थानों के तापमान की बात करें तो, सिरसा में 6.2, हिसार में 6.6 डिग्री और पंचकूला में रात का तापमान 6.9 डिग्री दर्ज किया गया। एक्सपर्ट ने बताया आगे कैसा रहेगा मौसम...