हरियाणा में घना कोहरा, कई जगह जीरो विजिबिलिटी:सड़क और रेल यातायात प्रभावित; आज 16 जिलों में ओरेंज अलर्ट, कल बदलेगा मौसम

हरियाणा में कोहरे के कारण विजिबिलिटी जीरो तक पहुंच गई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने घने कोहरे को लेकर आज 16 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसमें पंचकूला, कुरुक्षेत्र, अंबाला, यमुनानगर, कैथल, जींद, करनाल, पानीपत, सोनीपत, झज्जर, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल और नूंह जिले शामिल हैं। इसके अलावा हिसार, सिरसा, फतेहाबाद, भिवानी, महेंद्रगढ़ और चरखीदादरी में यलो अलर्ट जारी किया गया है। कोहरे के कारण सड़क और रेल यातायात पर असर पड़ा है। मौसम विभाग ने घने कोहरे को लेकर एडवाइजरी जारी करते हुए जरूरत पड़ने पर ही घर से बाहर निकलने को कहा गया है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं है। हालांकि, इसके बाद हरियाणा और चंडीगढ़ में रात के पारे में 2°C से 3°C की कमी हो सकती है, जिससे सुबह-शाम की ठिठुरन बढ़ेगी। उधर, हिसार में कोहरे के कारण 14732 किसान एक्सप्रेस करीब 50 मिनट देरी से चल रही है। इसके अलावा रेवाड़ी-फाजिल्का एक्सप्रेस 44 मिनट, श्रीगंगानगर-दिल्ली एक्सप्रेस 52 मिनट की देरी से चल रही है। इसके अलावा 12555 गोरखधाम एक्सप्रेस ढाई घंटे देरी से चल रही है। वहीं, हिसार रोडवेज ने चंडीगढ़ रूट की दो बसें रद कर दी हैं। इसमें रात 11 बजे हिसार से चंडीगढ़ और सुबह 4 बजे हिसार से चंडीगढ़ जाने वाली बस शामिल है। हिसार ट्रैफिक मैनेजर प्रीतम सिवाच का कहना है कि कोहरे के कारण विजिबिलिटी कम हो जाती है। इससे हादसे का अंदेशा बढ़ जाता है। इसलिए मौसम में सुधार होने पर ही बसें चलाई जाएंगी। हरियाणा में कोहरे से जनजीवन प्रभावित...PHOTOS 18 से 20 दिसंबर तक 'घना से बहुत घना' कोहरा छाया रहेगा आईएमडी के अनुसार आगामी 20 दिसंबर से एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) उत्तर भारत के हिस्सों को प्रभावित करेगा, जिससे मौसम के मिजाज में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। मौसम एक्सपर्ट्स के अनुसार 18 से 20 दिसंबर तक राज्य के कई हिस्सों में 'घना से बहुत घना' कोहरा छाया रहेगा। 21 दिसंबर को इसमें थोड़ी राहत मिल सकती है। सिरसा 25.8°C के साथ दिन गर्म, जींद-पानीपत में ठिठुरन बढ़ी हरियाणा में मौसम के मिजाज में बड़ा बदलाव आया है। प्रदेश के औसत अधिकतम तापमान में 2°C की गिरावट दर्ज की गई है। हालांकि, राहत की बात यह है कि तापमान अभी भी सामान्य के करीब बना हुआ है। प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में तापमान के स्तर में भारी अंतर देखा जा रहा है। जहां सिरसा में पारा 25.8°C तक जा पहुंचा, वहीं उझा (पानीपत) और पांडु पिंडारा (जींद) जैसे इलाकों में दिन में भी काफी ठंड महसूस की गई। मौसम केंद्र चंडीगढ़ की रिपोर्ट के अनुसार, रोहतक के तापमान में 4.9°C और जींद (पांडु पिंडारा) में रिकॉर्ड 7°C की गिरावट दर्ज की गई। गुरुग्राम के केवीके क्षेत्र में भी पारा 6.9°C तक लुढ़क गया है। मौसम की अपडेट जानने के लिए नीचे के ब्लॉग से गुजर जाएं...