पंचकूला सरकारी अस्पताल में आज 2 घंटे हड़ताल:SMO की सीधी भर्ती के विरोध में डॉक्टर, केवल इमरजेंसी में देंगे ड्यूटी

हरियाणा के पंचकूला में सरकारी अस्पताल के डॉक्टर आज वीरवार को हड़ताल पर रहेंगे। हड़ताल के कारण अस्पताल में सुबह 9 से 11 बजे तक ओपीडी सेवाएं बंद रहेंगी। जिसके कारण आज मरीजों को दिक्कत आ सकती है। पंचकूला सरकारी अस्पताल के डॉक्टर एसएमओ की सीधी भर्ती का विरोध कर रहे हैं। जिसके कारण आज केवल इमरजेंसी सेवाओं में ही ड्यूटी देंगे। हड़ताल के दौरान अस्पताल कैंपस में ही 2 घंटे के लिए धरना भी दिया जाएगा। वहीं अस्पताल प्रबंधन की ओर से 2 घंटे की हड़ताल से निपटन के लिए इंतजाम किए जा रहे हैं। SMO पर सीधी भर्ती रोक की मांग एसोसिएशन वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारियों (SMO) की सीधी भर्ती पर तत्काल रोक लगाने और संशोधित सुनिश्चित करियर प्रगति (एसीपी) संरचना जारी करने की मांग कर रही है, जिसे सीएम ने मंजूरी दे दी है, लेकिन वित्त विभाग के पास लंबित है।एचसीएमएसए के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजेश ख्यालिया ने बताया, आपातकालीन, प्रसव कक्ष और ऑपरेशन को छोड़कर सभी ओपीडी सेवाएं स्थगित रहेंगी। एसएमओ की सीधी भर्ती की सरकार की योजना का विरोध करते हुए उन्होंने कहा कि 2012 के बाद से ऐसी कोई भर्ती नहीं हुई है। महानिदेशक बोले : नहीं होगा हड़ताल का असर हरियाणा स्वास्थ्य सेवा महानिदेशक डा. कुलदीप ने कहा कि मैंने सभी 22 जिलों से फीडबैक लिया है। इस फीडबैक से पता चला है कि 30 परसेंट से ज़्यादा डॉक्टर हड़ताल पर नहीं होंगे। 50 परसेंट जिलों में कोई हड़ताल नहीं होगी। सभी सिविल सर्जन और PMO ने पहले ही सही इंतज़ाम कर लिए हैं ताकि HCMS एसोसिएशन की दो घंटे की इस पेन डाउन स्ट्राइक से मरीज़ों की सर्विस पर कोई असर न पड़े। राज्य ने सभी जिलों को गाइडलाइन देकर सही कदम उठाए हैं।