नवी मुंबई में शिंदे की शिवसेना के 20 पदाधिकारियों ने दिया इस्तीफा
- Admin Admin
- Jan 09, 2026
मुंबई, 09 जनवरी (हि.स.)। नवी मुंबई में उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की शिवसेना के नेता मिलिंद सूर्यनाथ समेत 20 पदाधिकारियों ने शुक्रवार को अचानक पार्टी के सभी पदों का इस्तीफा दे दिया है। ऐन नवी मुंबई नगर निगम के चुनाव दौरान इन पदाधिकारियों के इस्तीफे से उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उनकी पार्टी को करारा झटका लगा है।
मिलिंद सूर्यनाथ उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के कट्टर समर्थक रहे हैं। आज उनके साथ उनके समर्थकों ने शिंदे समूह की शिवसेना के सभी पदों का इस्तीफा दे दिया है। इस्तीफा देने के बाद मिलिंद सूर्यनाथ ने बताया कि उन्होंने उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को हर कदम पर साथ दिया। लेकिन नवी मुंबई नगर निगम चुनाव में उन्होंने अपनी पत्नी के लिए टिकट मांगा था, जिसे पार्टी ने मना कर दिया। इससे उन्हें बहुत तकलीफ हुई और उन्होंने पार्टी छोडऩे का मन बना लिया। उनके फैसले को देखते हुए उनके समर्थकों ने भी पार्टी छोड़ दिया है। मिलिंद सूर्यराव ने कहा कि नवी मुंबई में शिंदे की शिवसेना से बहुत से कार्यकर्ता नाराज हैं, इसलिए अगले दो दिनों में और भी इस्तीफ़े दिए जाएँगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव



