विधायक विनोद को फायदा पहुंचाने के लिए हांसी को जिला बनाया: अभय

चंडीगढ़ | इनेलो राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी अभय सिंह चौटाला ने शुक्रवार को चंडीगढ़ में प्रेस वार्ता कर भाजपा सरकार की कमी गिनवाईं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के मंत्री, विधायक समेत कई पूर्व विधायक हैं, जो केवल और केवल अवैध कॉलोनियां काटने में लगे हुए हैं। हांसी को जिला भाजपा विधायक विनोद भयाना के कहने से बनाया है। क्योंकि उन्होंने हांसी के चारों तरफ के इलाकों में हजारों एकड़ जमीन खरीदी हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि एक षड्यंत्र के तहत फायदा लेने के लिए हांसी को जिला बनाया गया है। इससे पहले उन्होंने कहा कि भाजपा के एक साल में कई नए घोटाले हुए। धान घोटाला हुआ। जिम्मेदारों पर कार्रवाई नहीं की। श्रम विभाग में 1500 करोड़ रुपए का घोटाला हुआ है। जब एक मंत्री घोटाले की जांच के लिए सीएम को लिखता है तो वो मंत्री किस बात का है? उनको इस्तीफा दे देना चाहिए। बारिश की वजह से किसानों की लाखों एकड़ फसल खराब हो गई। किसानों को न तो खराब फसलों का मुआवजा दिया और न ही खेतों में खड़े पानी को निकाला गया है।