झारखंड में शीतलहर से झारखंड में बढी कंपकंपी, छह को भी सात जिलों में अलर्ट

रांची, 5 दिसंबर (हि.स.)। देश के उत्तरी राज्यों में हो रही भारी बर्फबारी और उधर आनेवाली ठंडी और नमीयुक्त हवाओं के कारण झारखंड के सात जिलों में शुक्रवार को शीतलहर से लोगों की कंपकंपी बढ गई है।

मौसम विभाग ने शनिवार को भी राज्य के पश्चिमी जिले लातेहार, पलामू, गढवा और चतरा के अलावा इससे सटे मध्यपवर्ती जिले गुमला, सिमडेगा और लोहरदगा में शीतलहर चलने की आशंका व्यक्त की है। इसे लेकर विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है।

विभाग ने उपर्युक्त जिलों के अलावा रांची सहित राज्य के अन्य जिलों में भी भारी ठंड पडने की आशंका व्यक्त की है और लोगों से जरूरी सावधानी बरतने की अपील की है।

इधर, शुक्रवार को रांची और आसपास के इलाकों में दिनभर ठंडी हवाएं चली। इससे लोगों को दिनभर भारी ठंड महसूस हुई। भारी कनकनी के चलते लोग दिन में भी स्वेटर, जैकेट और मफलर लपेटे नजर आए। वहीं शाम ढलते ही कनकनी में और वृद्धि हो गई, जबकि देर रात को राजधानी कुहासे में लिपटी नजर आई।

वहीं पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे अधिक तापमान चाईबासा में 28.4 डिग्री और सबसे कम तापमान 5.7 डिग्री गुमला में रिकॉर्ड किया गया।

शुक्रवार को रांची में अधिकतम तापमान 23.6 डिग्री और न्यूतनतम तापमान 10.2 डिग्री, जमशेदपुर में 26.9 और 11 डिग्री, डालटेनगंज में 26.7 और 8.3 डिग्री, बोकारो में 23.4 डिग्री और 9.4 डिग्री, चाईबासा में 27.8 और 11.8, खूंटी में 25.6 और 7.3 डिग्री, लोहरदगा में 22 डिग्री और 9 डिग्री, लातेहार में 19.3 और 9 डिग्री एवं गुमला में अधिकतम तापमान 23.3 डिग्री और न्यूतनतम तापमान 5.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak