धमतरी जिले में अब तक 13.22 लाख क्विंटल से अधिक धान उपार्जन
- Admin Admin
- Dec 06, 2025
धमतरी, 6 दिसंबर (हि.स.)। जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के तहत पारदर्शी और सुव्यवस्थित खरीद व्यवस्था के चलते धान उपार्जन कार्य प्रभावी गति से जारी है। जिले के कुल 1,28,730 पंजीकृत किसानों में से 28,523 किसानों द्वारा अब तक धान विक्रय किया गया है। 06 दिसंबर 2025 तक प्राप्त आंकड़ों के अनुसार जिले में कुल 13,22,136.40 क्विंटल धान का उपार्जन किया गया है, जिसके एवज में किसानों को 31,364.26 लाख रुपये की राशि का भुगतान किया गया है। शाखावार आंकड़ों में नगरी शाखा ने 2,32,761.60 क्विंटल धान उपार्जन कर प्रथम स्थान प्राप्त किया है।
धमतरी शाखा में 3,931 किसानों से 1,73,195.20 क्विंटल, संबलपुर में 2,388 किसानों से 1,09,800.80 क्विंटल, मगरलोड में 1,68,535.60 क्विंटल तथा कुरूद में 1,55,148.40 क्विंटल धान खरीदा गया है। धान की किस्मवार खरीद में 5,56,155.60 क्विंटल मोटा धान, 2,14,248.00 क्विंटल पतला धान तथा 5,51,732.80 क्विंटल सरना धान का उपार्जन किया गया। अब तक मिलरों को 7,940 क्विंटल धान जारी किया जा चुका है जबकि उपार्जन केंद्रों में 13,14,196.40 क्विंटल धान सुरक्षित है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा



