सिरसा: श्रीमद्भगवद गीता में जीवन का संपूर्ण ज्ञान और सत्य छिपा: रेणु शर्मा

सिरसा, 1 दिसंबर (हि.स.)। भाजपा डबवाली जिलाध्यक्ष रेणु शर्मा ने कहा कि श्रीमद्भगवद गीता में जीवन का संपूर्ण ज्ञान और सत्य छिपा हुआ है। भगवान श्रीकृष्ण द्वारा दिए गए उपदेश न केवल हमें धर्म और संस्कारों के मार्ग पर आगे बढऩे की प्रेरणा देते हैं, बल्कि सही और गलत के बीच अंतर समझने का भी विवेक प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि गीता का अध्ययन बच्चों के लिए अत्यंत उपयोगी है, क्योंकि उसके शब्दों में जीवन जीने का सार और श्रेष्ठ संदेश समाहित है।

इस प्रकार के कार्यक्रम समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इससे हमें बुराइयों के खिलाफ खड़े होने की प्रेरणा मिलती है और सही मार्ग अपनाने की शक्ति मिलती है। उन्होंने कहा कि विदेशों में संस्कारों की कमी देखी जाती है, लेकिन भारत में आज भी हमारे प्राचीन ग्रंथ और संस्कृति जीवन मूल्यों को सहेजने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। रेणु शर्मा सोमवार को चौ. देवीलाल विश्वविद्यालय में पिछले चार दिनों से आयोजित किए जा रहे जिला स्तरीय गीता महोत्सव के समापन अवसर पर उपस्थित लोगों को संबोधित कर रही थी।

पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण ने गीता महोत्सव के सफल संचालन पर जिला प्रशासन के अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि गीता का संदेश यही है कि हम अपने संस्कारों को न भूलें, अच्छाई के मार्ग पर चलें और जो भी कर्म हमें करना है, उसे बिना किसी स्वार्थ के करें। गीता में स्पष्ट बताया गया है कि कर्म करते रहो, फल की चिंता मत करो। यदि हम न्याय को सामने रखकर कार्य करते हैं, तो हम कभी गलत नहीं हो सकते। उन्होंने कहा कि आज के समय में कई शिक्षाएँ अत्यंत महत्त्वपूर्ण हो जाती हैं। जैसे बुजुर्गों का सम्मान करना, नारी शक्ति का सम्मान करना। यदि बचपन से ही यह संस्कार दिए जाएं कि नारी शक्ति देवी शक्ति है और उसका अनादर नहीं किया जा सकता, तो महिलाओं के विरुद्ध होने वाले अपराध स्वत: कम हो जाएंगे।

श्रीमद्भगवद् गीत पर आधारित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न 12 विभागों के अधिकारियों व कर्मचारियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता का संचालन प्रमोद मोहन गोतम व हरिओम भारद्वाज ने किया। प्रतियोगिता में आयुष विभाग की टीम प्रथम, स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वितीय व महिला एवं बाल विकास विभाग विभाग की टीम तृतीय स्थान पर रही। इसके अलावा शिक्षा विभाग की प्रदर्शनी को प्रथम, वन विभाग को द्वितीय तथा पुलिस विभाग की यातायात प्रदर्शनी को तृतीय स्थान दिया। गीता महोत्सव के अंतिम दिन सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रही। इस अवसर पर सनातन धर्म संस्कृत महाविद्यालय सिरसा के 51 विद्यार्थियों ने गीता श्लोकों का वाचन किया। जिला स्तरीय समारोह के अलावा जिला के राजकीय स्कूलों के 11 हजार विद्यार्थियों ने वैश्विक श्चलोकोच्चारण किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma