पंजाब के पूर्व आईपीएस अधिकारी के साथ करोड़ों की धोखाधड़ी मामले में महाराष्ट्र से चार आरोपित गिरफ्तार
- Admin Admin
- Jan 02, 2026
मुंबई, 02 जनवरी (हि.स.)। पंजाब में पूर्व आईपीएस अधिकारी के साथ करोड़ों की आनलाइन धोखाधड़ी मामले में पंजाब पुलिस ने मुंबई से सटे ठाणे जिले के मीरा भायंदर के इलाके से शुक्रवार को आरोपित शेरा ठाकुर सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया है।
महाराष्ट्र के परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने इसकी पुष्टि की है। इस मामले की पंजाब पुलिस गहन छानबीन कर रही है। हालांकि मुंबई पुलिस ने इस संबंध में आधिकारिक जानकारी नहीं दी है।
उल्लेखनीय है कि पंजाब के सेवानिवृत्त आईपीएस अधिकारी अमर सिंह चहल ने पिछले सप्ताह को पटियाला में अपने घर पर लाइसेंसी रिवाल्वर से खुद को सीने में गोली मार ली थी। पुलिस को मौके से पंजाब के डायरेक्टर जनरल ऑफ पुलिस के नाम लिखा 12 पेज का सुसाइड नोट मिला था। इसमें उन्होंने 'एफ-777 डीबीएस वेल्थ इक्विटी रिसर्च ग्रुप' नाम के व्हाट्सएप और टेलीग्राम ग्रुप के ज़रिए कैसे उनके साथ धोखाधड़ी की गई, इसकी विस्तार में जानकारी दी गई थी। आरोपितों ने डीबीएस बैंक के नाम का इस्तेमाल करके एक नकली डैशबोर्ड बनाया और चहल को भारी मुनाफे की वर्चुअल तस्वीर दिखाकर 8 करोड़ 10 लाख रुपये तक हड़प लिए थे।
चहल के सुसाइड नोट में लगाए गए आरोपों के बाद पंजाब पुलिस तुरंत महाराष्ट्र पहुंची। उन्होंने मीरा-भायंदर की नवघर पुलिस की मदद से भायंदर ईस्ट इलाके से आरोपित शेरा ठाकुर को गिरफ्तार किया। जांच में पता चला है कि शेरा ठाकुर और उसके गैंग के बैंक अकाउंट में करोड़ों रुपये के संदिग्ध ट्रांजेक्शन हुए थे। इस गैंग में पांडे नाम का एक बदनाम बुकी भी शामिल है और यह बात सामने आ रही है कि यह रैकेट क्रिकेट बेटिंग और साइबर फ्रॉड से जुड़ा है। इस मामले में पंजाब पुलिस ने दो दिन पहले ठाणे से दो अन्य आरोपितों को गिरफ्तार किया था और उनके पास से ५० सीमकार्ड भी बरामद किए थे। पंजाब पुलिस इन सभी आरोपितों से गहन पूछताछ कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव



