पीतलनगरी में नए साल का अब तक का सबसे ठंडा दिन रहा शुक्रवार
- Admin Admin
- Jan 09, 2026
रात्रि आठ बजे से फिर कोहरे की चादर ने पूरे शहर को ढक दिया
मुरादाबाद, 09 जनवरी (हि.स.)। मुरादाबाद में ठंड का पारा दिन प्रतिदिन गिरता जा रहा है। शुक्रवार का दिन पीतलनगरी में नए साल का अब तक का सबसे ठंडा दिन रहा। सुबह बहुत अधिक कोहरे के साथ गलन रही और दोपहर बाद सूर्य देव के दर्शन हुए लेकिन मौसम में जरा सी भी गर्माहट नहीं रही। रात्रि आठ बजे से फिर घने कोहरे की चादर ने पूरे शहर को ढक दिया। शुक्रवार को मुरादाबाद का न्यूनमत तापमान 4 डिग्री और अधिकतम तापमान में 17 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मुुरादाबाद में शुक्रवार को सुबह से ही वातावरण में हल्का कोहरा छाया हुआ था। इसके बाद शीतलहर चलने लगी। समय बीतने के साथ ठिठुरन और बढ़ गई। दिनभर शहरवासी धूप का बेसब्री से इंतजार करते रहे, दोहपर 2 बजे के बाद सूरज तो चमका लेकिन गलन और ठिठुरन से लोग बेहाल रहे। गलन और ठिठुरन की वजह से लोग घरों से बाहर निकलने में कतराते रहे। घरों में भी कंबल में छिपने के साथ ब्लोअर चलाकर राहत पाने की कोशिश की। आवश्यक कार्यों से बाहर गए लोगों ने भी एहतियात बरती।
राजकीय इंटर कालेज में बनी मौसम प्रयोगशाला के अनुसार शुक्रवार को मुरादाबाद का न्यूनमत तापमान 4 डिग्री और अधिकतम तापमान में 17 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विशेषज्ञ प्रो एके सिंह ने बताया कि पिछले 24 घंटे में शुक्रवार को अधिकतम तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई, जबकि न्यूनतम तापमान में 2 डिग्री सेल्सियस की कमी रही। सुबह वातावरण में नमी 94 फीसदी थी, जो शाम को 78 फीसदी रही। हवा की गति भी पश्चिम से पूरब दिशा में दस से 15 किलोमीटर प्रति घंटा रही।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल



