पांवटा साहिब में गुरु गोबिंद सिंह जी के प्रकाश पर्व पर भव्य नगर कीर्तन
- Admin Admin
- Dec 25, 2025
नाहन, 25 दिसंबर (हि.स.)। सिखों के दसवें गुरु श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के 359वें प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर गुरुवार को पांवटा साहिब में भव्य नगर कीर्तन का आयोजन किया गया। नगर कीर्तन की अगुवाई पंच प्यारों ने की। यह नगर कीर्तन ऐतिहासिक गुरुद्वारा श्री पांवटा साहिब से शुरू होकर पांवटा मुख्य बाजार और वाई प्वाइंट बद्रीपुर से होते हुए पुनः गुरुद्वारा साहिब में संपन्न हुआ।
नगर कीर्तन के दौरान पूरे शहर में श्रद्धा और उत्साह का माहौल देखने को मिला। नन्हे बच्चों और युवाओं की गत्तका टीमों ने पारंपरिक सिख रणकौशल का शानदार प्रदर्शन किया। गत्तका दल के सदस्यों की फुर्ती और कौशल को देखकर श्रद्धालु मंत्रमुग्ध हो गए और तालियों के साथ उनका उत्साहवर्धन किया। खासकर छोटे बच्चों द्वारा किए गए प्रदर्शन ने सभी का ध्यान आकर्षित किया।
359वें प्रकाश पर्व के अवसर पर ऐतिहासिक गुरुद्वारा श्री पांवटा साहिब को दुल्हन की तरह सजाया गया है। यहां तीन दिवसीय धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाग ले रहे हैं। बाहर से आए रागी जत्थों और संगतों द्वारा लगातार गुरु जी का गुणगान किया जा रहा है, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय बना हुआ है।
आज दोपहर गुरुद्वारा परिसर से नगर कीर्तन का विधिवत शुभारंभ हुआ। नगर कीर्तन में हिमाचल के अलावा अन्य राज्यों से पहुंची संगतों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया। क्षेत्र के विभिन्न स्कूलों के सैकड़ों बच्चों ने भी नगर कीर्तन में हिस्सा लिया। सजे हुए रथ पर विराजमान पंच प्यारे श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बने रहे। गुरु जी की सुसज्जित पालकी के आगे महिलाएं श्रद्धा भाव से मार्ग को साफ करती हुई नजर आईं।
नगर कीर्तन के दौरान संगतें अलग-अलग जत्थों में गुरु जी का गुणगान करती रहीं। पूरे मार्ग पर स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा गया। जगह-जगह सेवा स्टॉल लगाए गए थे और लगभग हर स्टॉल पर कूड़ादान रखे गए थे, जिन पर शहर को स्वच्छ रखने के संदेश अंकित थे।
गुरुद्वारा कमेटी के प्रधान हरभजन सिंह ने बताया कि आज गुरु गोबिंद सिंह जी के प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में नगर कीर्तन का आयोजन किया गया है, जिसमें बड़ी संख्या में संगतें शामिल हुई हैं। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं के सहयोग से कार्यक्रम शांतिपूर्ण और श्रद्धा के साथ संपन्न हो रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर



