आआपा सरकार ने पंजाब की हालत कांग्रेस से भी बदतर की : नायब सैनी

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी पंजाब में विभिन्न नेताओं काे भाजपा में शामिल करवाते हुए


- जगमीत सिंह बराड़, चरणजीत सिंह बराड़, रिपुजीत सिंह बराड़ और मुख्यमंत्री मान के पूर्व ओएसडी भाजपा में शामिल

चंडीगढ़, 16 जनवरी । हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा है कि पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार में राज्य की हालत कांग्रेस सरकार से भी ज्यादा खराब हो चुकी है। उन्होंने कहा कि आज पंजाब कानून-व्यवस्था, विकास और जन-कल्याण के मामलों में काफी पीछे चला गया है।

वह शुक्रवार को चंडीगढ़ स्थित पंजाब भाजपा के प्रदेश कार्यालय में एक समारोह को संबोधित कर रहे थे। इसमें पूर्व सांसद जगमीत सिंह बराड़, कोटकपूरा से पूर्व विधायक रिपुजीत सिंह बराड़, शिरोमणि अकाली दल (पुनर सुरजीत) के महामंत्री चरणजीत सिंह बराड़, मुख्यमंत्री भगवंत मान के पूर्व ओएसडी ओंकार सिंह, किसान आंदोलन के दौरान पंजाब के किसानों को मुफ्त डीज़ल देने वाले किसान नेता प्रीतपाल सिंह, लोक भलाई पार्टी की ओर से लोकसभा फ़रीदकोट से चुनाव लड़ चुके कुलवंत सिंह तथा शिरोमणि अकाली दल अमृतसर के उप प्रधान सरदार जसकरण सिंह सहित अन्य नेता भाजपा में शामिल हुए।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि पंजाब के लोगों के मन में असुरक्षा की भावना बढ़ती जा रही है। उन्होंने दावा किया कि 2014 में जो डर लोगों के दिलों में था, आज भी हालात कुछ अलग नहीं हैं। उन्होंने कहा कि इस डर से मुक्ति केवल भारतीय जनता पार्टी ही दिला सकती है। उन्होंने आरोप लगाया कि ‘आप’ सरकार के शासनकाल में पंजाब की कानून-व्यवस्था पूरी तरह डगमगा गई है। पंजाब भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने कहा कि आज पंजाब का हर वर्ग सुरक्षा और भविष्य को लेकर चिंतित है। उन्होंने कहा कि लोग मजबूत नेतृत्व और स्पष्ट दिशा वाली राजनीति की तलाश में हैं। जाखड़ ने दावा किया कि जनता की नजर में भाजपा ही एकमात्र ऐसा विकल्प है जो पंजाब को मौजूदा कुशासन से बाहर निकाल सकती है।

भाजपा के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने कहा कि शांति, कानून हेतु और भ्रष्टाचार-मुक्त प्रशासन की इच्छा रखने वाले नेता बड़ी संख्या में भाजपा से जुड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा ‘डर-मुक्त और भ्रष्टाचार-मुक्त पंजाब’ के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है। केंद्रीय रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार पंजाब की प्रगति और खुशहाली के लिए पूरी गंभीरता से काम कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री पंजाब के दर्द, तकलीफों और समस्याओं को समझते हैं और इसी कारण वे राज्य से जुड़े मुद्दों पर स्वयं समय निकालकर विचार करते हैं।

---------------