ब्रजेश पाठक व भूपेन्द्र चौधरी ने घर-घर संपर्क कर वितरित किया एसआईआर फॉर्म
- Admin Admin
- Dec 01, 2025
लखनऊ,01 दिसम्बर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र चौधरी ने सोमवार को कैसरबाग स्थित भाजपा महानगर कार्यालय पर पार्टी कायकर्ताओं के साथ बैठक की। प्रदेश अध्यक्ष ने उपस्थित कार्यकर्ताओं को सम्बोधित कर एसआईआर प्रक्रिया में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया ताकि हर पात्र मतदाता तक सही जानकारी पहुँचे और लोकतांत्रिक भागीदारी और अधिक सुदृढ़ हो।
वहीं चुनाव आयोग द्वारा विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान अंतर्गत गणना प्रपत्र भरवाने की तिथि 11 दिसंबर तक बढ़ाए जाने की घोषणा उपरांत लखनऊ महानगर में इस विशेष अभियान को तीव्र गति से चलाए जाने एवं शत प्रतिशत गणना प्रपत्र भराने के लिए कहा गया।इसके बाद उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र चौधरी ने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ मतदाताओं से भेंटकर उन्हें एसआईआर फॉर्म वितरित किया। उन्होंने समय सीमा के अंदर फॉर्म को जमा करने के साथ ही अपने मताधिकार के प्रति जागरूक होने के लिए प्रेरित किया।इस अवसर पर महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी, एमएलसी मुकेश शर्मा, विधायक नीरज बोरा , विधायक ओ०पी० श्रीवास्तव, महानगर संयोजक चेतन बिष्ट, प्रकाश मिश्र, संयोजक कॉलिंग सेंटर लखनऊ, टिंकू सोनकर एवं अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन



