आपदा राहत के लिए हिमाचल को केंद्र ने दी 601 करोड़ की राशि: राजीव बिंदल
- Admin Admin
- Dec 27, 2025
नाहन, 27 दिसंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा है कि केंद्र सरकार ने आपदा से प्रभावित हिमाचल प्रदेश के लिए 601 करोड़ रुपये की अतिरिक्त राहत राशि जारी की है। उन्होंने इसे प्रदेश के लिए राहत और संतोष का विषय बताते हुए कहा कि इस सहायता से आपदा प्रभावित क्षेत्रों में पुनर्वास, पुनर्निर्माण और विकास कार्यों को नई गति मिलेगी।
डॉ. बिंदल ने शनिवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने हर आपदा की घड़ी में हिमाचल प्रदेश का साथ दिया है। उन्होंने बताया कि यह राशि आपदा के कारण हुए भारी नुकसान की भरपाई और प्रभावित लोगों को राहत पहुंचाने में सहायक होगी। उनके अनुसार, इस सहायता से प्रदेश सरकार को प्रभावित क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे के पुनर्निर्माण और विकास कार्यों को तेज करने में मदद मिलेगी।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने इस मदद के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इन नेताओं के निरंतर प्रयासों के कारण ही हिमाचल प्रदेश को केंद्र सरकार से समय पर सहायता मिलती रही है। डॉ. बिंदल के मुताबिक, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा द्वारा विभिन्न तिथियों का उल्लेख करते हुए यह जानकारी दी गई है कि अब तक केंद्र सरकार से हिमाचल प्रदेश को करीब 5800 करोड़ रुपये की आपदा सहायता मिल चुकी है।
डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि यह राशि इस बात का प्रमाण है कि केंद्र सरकार आपदा की घड़ी में हिमाचल प्रदेश के साथ मजबूती से खड़ी रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रदेश सरकार इस राहत राशि का उपयोग पूरी ईमानदारी, पारदर्शिता और तेजी से करेगी, ताकि इसका लाभ जल्द से जल्द आपदा प्रभावित लोगों तक पहुंच सके।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी आपदा पीड़ितों के साथ मजबूती से खड़ी है और केंद्र सरकार का यह सहयोग हिमाचल प्रदेश के लिए संबल बनेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर



