राज्यसभा सांसद सिकंदर का कांग्रेस पर हमला, बोले मनरेगा में भ्रष्टाचार पर नए बिल से लगा विराम
- Admin Admin
- Jan 21, 2026
नाहन, 21 जनवरी (हि.स.)। राज्यसभा सांसद सिकंदर ने पांवटा साहिब पहुंचकर कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला। मीडिया से बातचीत में उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस शासनकाल में मनरेगा के नाम पर बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार और धांधलियां हुईं लेकिन मौजूदा सरकार द्वारा लाए गए नए बिल से इन पर पूरी तरह रोक लगी है।
सांसद सिकंदर ने कहा कि कांग्रेस पार्टी का इतिहास अब केवल विरोध तक सीमित रह गया है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि चाहे जनहित से जुड़ा कोई फैसला हो या भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई, कांग्रेस हर मुद्दे पर सिर्फ राजनीति करती है।
राज्यसभा सांसद सिकंदर पांवटा साहिब में एक धार्मिक कार्यक्रम में भाग लेने पहुंचे थे। उनके आगमन पर भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस मौके पर पांवटा साहिब के विधायक सुखराम चौधरी सहित भाजपा के दोनों मंडलों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
उन्होंने बताया कि आज पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ एक संगठनात्मक बैठक भी आयोजित की जाएगी, जिसमें आगामी रणनीति, संगठन को मजबूत करने और जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा होगी।
सांसद ने कहा कि केंद्र सरकार का लक्ष्य पारदर्शिता के साथ विकास करना है। उन्होंने दावा किया कि मनरेगा जैसी योजनाओं को भ्रष्टाचार-मुक्त बनाकर उनका वास्तविक लाभ गरीब और मेहनतकश वर्ग तक पहुंचाया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर



