19 वीं राष्ट्रीय जंबूरी में अररिया के स्काउट गाइड ने किया उत्कृष्ट प्रदर्शन
- Admin Admin
- Dec 03, 2025
अररिया 03 दिसम्बर(हि.स.)। भारत स्काउट एंड गाइड्स की उत्तरप्रदेश के लखनऊ वृन्दावन योजना के सेक्टर 15 के एक्सपो ग्राउंड में आयोजित डायमंड जुबली सह 19 वीं राष्ट्रीय जंबूरी में जिले के 28 स्काउट्स एंड गाइड्स ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।23 से 29 नवंबर 2025 तक आयोजित कार्यक्रम में बिहार के 840 प्रतिभागियों में अररिया जिला के 28 स्काउट और गाइड ने भाग लिया।
बिहार कंटिजेंट के संयोजक के रूप में संयुक्त राज्य सचिव सह जिला संगठन आयुक्त बैजनाथ प्रसाद ने बताया कि जंबूरी का उद्घाटन उत्तरप्रदेश की राज्यपाल आंनदीबेन पटेल के द्वारा 24 नवंबर को किया गया था। वहीं कार्यक्रम का समापन 28 नवंबर को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के द्वारा परेड की सलामी के साथ किया गया। मौके पर राज्यपाल आंनदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ,मुख्यमंत्री मिजोरम लालदूहोमा,राष्ट्रीय अध्यक्ष भारत स्काउट एंड गाइड डॉ अनिल जैन एवं उपमुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश की उपस्थिति में किया गया।
जिला अररिया के स्काउट गाइड ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए मार्च पास्ट में अररिया जिला के स्काउट राहुल कुमार को पूरे बिहार का नेतृत्व किया। वहीं बच्चों ने विभिन्न गतिविधियों मार्च पास्ट, फिजिकल डिस्प्ले, पिरामिड, पायनियरिंग प्रोजेक्ट, रंगोली, फूड प्लाजा, झांकी,एग्जीबिशन, फोक डांस, इंटीग्रेशन मार्च, साहसिक क्रियाकलाप, पेट्रोल इन काउंसिल, यूथ फॉर्म, कैंप क्राफ्ट, जिला गेट आदि में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जिला के सभी स्काउट गाइड ने एडवेंचर अवार्ड एवं इंटीग्रेशन अवार्ड प्राप्त किया।
बैजनाथ प्रसाद ने बताया कि इस कार्यक्रम में पूरे भारत से 38 हजार स्काउट, गाइड एवं लीडर के अलावे श्रीलंका, नेपाल, सऊदी अरब, मालदीप, इंडोनेशिया, फिलिपींस, बांग्लादेश के 18 सौ स्काउट गाइड ने भाग लिया। कार्यक्रम में अररिया जिले के संगठन आयुक्त बैजनाथ प्रसाद ने जानकारी देते हुए बताया कि स्काउट गाइड की टीम में 17 स्काउट, 7 गाइड, 3 लीडर,1 रोवर के नेतृत्व में भाग लिया। बुधवार को बच्चों के वापसी पर जिला शिक्षा पदाधिकारी सह सभापति संजय कुमार, जिला मुख्य आयुक्त विजय कुमार यादवेंदु, नगर मुख्य पार्षद सह जिला आयुक्त गाइड वयस्क संसाधन वीणा देवी, जिला आयुक्त स्काउट वयस्क संसाधन श्री कुमार ठाकुर, जिला सचिव युवराज पासवान के साथ-साथ विद्यालय के प्रधानाध्यापक एवं स्काउट गाइड के अभिभावकों ने कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिला का नाम रोशन करने हेतु अपना आशीर्वाद एवं बधाई दिया।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर



