रालोद ने चौधरी चरण सिंह की 123वीं जयंती हवन पूजन कर मनाई

लखनऊ, 23 दिसंबर (हि.स.)। राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के प्रदेश मुख्यालय लखनऊ में किसान मसीहा एवं भारत के पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की 123वीं जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर प्रदेश कार्यालय परिसर स्थित चौधरी साहब की प्रतिमा के समक्ष वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ यज्ञ एवं हवन का आयोजन किया गया। यज्ञ में रालोद के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रामाशीष राय, राष्ट्रीय महासचिव अनिल दुबे, राष्ट्रीय सचिव विजय श्रीवास्तव सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने आहुति डालकर चौधरी साहब को नमन किया।

हवन-पूजन के पश्चात प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रामाशीष राय एवं राष्ट्रीय महासचिव अनिल दुबे के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने विधान भवन स्थित चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। इस दौरान “चौधरी साहब अमर रहें” और “जब तक सूरज-चांद रहेगा, चौधरी साहब का नाम रहेगा” जैसे गगनभेदी नारों से विधान भवन परिसर गूंज उठा।

इसके उपरांत पार्टी कार्यालय में “वर्तमान परिस्थितियों में चौधरी चरण सिंह की विचारधारा एवं नीतियों की प्रासंगिकता” विषय पर एक विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसका संचालन प्रदेश मीडिया प्रभारी मयंक त्रिवेदी ने किया।

गोष्ठी को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रामाशीष राय ने कहा कि चौधरी चरण सिंह किसानों, ग्रामीण भारत और सामाजिक न्याय की सशक्त आवाज थे। उन्होंने कहा कि गांव और किसान को केंद्र में रखे बिना देश का समग्र विकास संभव नहीं है। आज के समय में जब किसान कई चुनौतियों से जूझ रहा है, तब चौधरी साहब की नीतियां और अधिक प्रासंगिक हो गई हैं। राष्ट्रीय लोकदल उनके विचारों को आगे बढ़ाते हुए किसानों के हक और सम्मान की लड़ाई निरंतर लड़ता रहेगा।

राष्ट्रीय महासचिव अनिल दुबे ने कहा कि चौधरी चरण सिंह ने सिद्धांतों और ईमानदारी की राजनीति को हमेशा प्राथमिकता दी। उन्होंने किसानों को राष्ट्र की रीढ़ मानते हुए उनके अधिकारों के लिए आजीवन संघर्ष किया। पार्टी चौधरी साहब के सपनों के भारत के निर्माण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है।

गोष्ठी में राष्ट्रीय सचिव विजय श्रीवास्तव ने कहा कि चौधरी चरण सिंह की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाना आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है। प्रदेश उपाध्यक्ष आदित्य विक्रम सिंह ने कहा कि किसानों और युवाओं को साथ लेकर ही चौधरी साहब के सपनों को साकार किया जा सकता है। प्रदेश उपाध्यक्ष रजनीकांत मिश्रा ने कहा कि चौधरी साहब का जीवन ईमानदार और संघर्षशील राजनीति की मिसाल है। रालोद व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष रोहित अग्रवाल ने कहा कि चौधरी साहब की नीतियों से ग्रामीण एवं व्यापारिक अर्थव्यवस्था को मजबूती मिली।

प्रोफेशनल मंच के प्रदेश अध्यक्ष अम्बुज पटेल ने कहा कि चौधरी चरण सिंह का दृष्टिकोण समावेशी विकास पर आधारित था। महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष परिणीता सिंह ने चौधरी साहब को नमन करते हुए कहा कि चौधरी साहब किसानों के सच्चे हितैषी थे। छात्र सभा के प्रदेश अध्यक्ष अमन पाण्डे ने कहा कि चौधरी चरण सिंह की विचारधारा छात्र और युवा वर्ग के लिए प्रेरणास्रोत है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में राष्ट्रीय लोकदल के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन चौधरी चरण सिंह के विचारों को आत्मसात कर आगे बढ़ने के संकल्प के साथ किया गया।

गोष्ठी में प्रदेश कोषाध्यक्ष बीएल प्रेमी, श्रम प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष महेश पाल धनगर, महासचिव संतोष यादव, मनोज सिंह चौहान, जितेंद्र सिंह, रमावती तिवारी, प्रीति श्रीवास्तव, अंकुर सक्सेना, मंजू शुक्ला, सुरजीत श्रीवास्तव, आयशा, विनोद सिंह आदि लोगो ने अपने विचार व्यक्त किए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा