राहुल गांधी की रैलियों में करोड़ों लुटाने वाले आज ज्ञान दे रहे हैं : सतपाल सिंह सत्ती
- Admin Admin
- Jan 02, 2026
शिमला, 02 जनवरी (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं ऊना से विधायक सतपाल सिंह सत्ती ने कांग्रेस सरकार और मंत्री हर्षवर्धन चौहान के बयान पर तीखा हमला बोला है। सत्ती ने कहा कि सुक्खू सरकार के मंत्रियों में झूठ बोलने की होड़ मची हुई है और जनता को गुमराह करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिस पार्टी ने बिना किसी संवैधानिक पद के अपने पार्टी के युवराज राहुल गांधी की रैलियों पर हिमाचल प्रदेश के करोड़ों रुपये खर्च किए, उसे आज नैतिकता पर बोलने का कोई अधिकार नहीं है।
सतपाल सिंह सत्ती ने शुक्रवार को एक बयान में कहा कि कांग्रेस नेताओं ने आपदाग्रस्त हिमाचल प्रदेश में आपदा राहत के पैसों से जश्न मनाया और अब वही लोग ज्ञान दे रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि केंद्र सरकार से आए आपदा राहत के 6000 करोड़ रुपये का हिसाब मुख्यमंत्री और मंत्री जनता को कब देंगे। उन्होंने कहा कि सरकार खुद स्वीकार कर चुकी है कि अब तक आपदा प्रभावितों को केवल लगभग 500 करोड़ रुपये ही राहत के रूप में दिए गए हैं, जबकि बाकी राशि का कोई स्पष्ट विवरण सामने नहीं आया है।
सत्ती ने कहा कि कांग्रेस पार्टी अब झूठे आरोप लगाकर और पिछली भाजपा सरकार पर अनर्गल बयानबाजी करके अपनी नाकामियों से ध्यान भटकाना चाहती है, लेकिन भाजपा उन्हें जवाबदेही से भागने नहीं देगी। उन्होंने कहा कि आज हिमाचल प्रदेश में शिक्षा, स्वास्थ्य और लोक निर्माण विभाग में जो भी विकास कार्य हो रहे हैं, वे केंद्र सरकार के सहयोग और धन से ही संभव हो पा रहे हैं। इसके बावजूद कांग्रेस नेता प्रधानमंत्री और केंद्र सरकार को कोस कर आलाकमान की नजरों में अपने नंबर बढ़ाने में लगे हुए हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि सुक्खू सरकार के तीन साल के कार्यकाल की एकमात्र उपलब्धि रिकॉर्डतोड़ कर्ज और जनता पर करों का बोझ डालना है। उन्होंने कहा कि यह सुख की नहीं, कर और कर्ज की सरकार है, जिसके पास बताने के लिए एक भी ठोस उपलब्धि नहीं है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला



