मुंबई, 26 दिसंबर (हि.स.)। महाराष्ट्र के भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता नवनाथ बन ने शुक्रवार को कहा कि शिवसेना यूबीटी का हिंदुत्व सिर्फ दिखावा है, जबकि भाजपा हमेशा हिंदुत्व के लिए काम करती है। उन्होंने कहा कि शिवसेना यूबीटी के प्रवक्ता को अपनी पार्टी की असलियत समझते हुए हिंदुत्व के बारे में बयानबाजी बंद कर देना चाहिए।
नवनाथ बन शुक्रवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि वंदनीय हिंदू हृदय सम्राट बालासाहब ठाकरे ने प्रखर हिंदुत्व का समर्थन किया था। लेकिन उद्धव ठाकरे जब मुख्यमंत्री थे, तब उन्होंने अजान प्रतियोगिता, नमाज पाठ प्रतियोगिता का आयोजन, मुंबई में मराठी भवन के बगल में उर्दू भवन का निर्माण, और राशिद मामा को पार्टी में प्रवेश दिया है। इस तरह के काम सिर्फ शिवसेना यूबीटी केवल वोटों की लाचारी के लिए कर रहे थे। मुंबई नगर निगम चुनाव की वजह से शिवसेना यूबीटी अब हिंदु्त्व का दिखावा कर रही है। यह यहां की जनता अच्छी तरह समझ रही है।
बन ने कहा कि भाजपा का हिंदुत्व पूरे देश ने देखा है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने हिंदुत्व के उद्घोष के साथ-साथ विकास की नीति पर काम किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने राम मंदिर का निर्माण किया और धारा 370 हटाकर दिखाया। आम जनता अच्छी तरह जानती है कि हिंदुत्व की रक्षा कौन कर रहा है। नगरपालिका और नगर पंचायत चुनावों में मतदाताओं ने उबाठा गुट को करारी शिकस्त दी है। वहीं इन चुनावों में भाजपा और पूरी महायुति ने सर्वाधिक सीटें जीती हैं। मुख्यमंत्री फडणवीस और भाजपा के साथ राज्य की 14 करोड़ जनता का आशीर्वाद हमेशा रहा है। कोई कितने भी निरर्थक आरोप लगाए, मुंबई का विकास केवल फडणवीस और महायुति सरकार ही कर सकती है , यह सभी जानते हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव



