वंचित विकास आघाड़ी संग गठबंधन से नाराज मुंबई कांग्रेस के आदिवासी नेता ने दिया इस्तीफा

मुंबई, 28 दिसंबर (हि.स.)। मुंबई नगर निगम चुनाव में वंचित विकास आघाड़ी (वविआ) के साथ कांग्रेस का गठबंधन होने से नाराज मुंबई कांग्रेस आदिवासी विभाग के अध्यक्ष सुनील कुमरे ने रविवार को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता सहित सभी पदों से इस्तीफा दे दिया।

सुनील कुमरे ने कहा कि वंचित विकास आघाड़ी को समझौते में जो सीटें दी गई हैं, उन पर पार्टी ने काफी मेहनत की थी। समझौते के तहत उन सीटों को वविआ को दिए जाने से आदिवासी कार्यकर्ताओं के साथ अन्याय हुआ है। इसी वजह उन्होंने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। हालांकि अभी तक मुंबई कांग्रेस नेतृत्व ने उनके इस्तीफे को मंजूर नहीं किया है।

कांग्रेस और वविआ के बीच मुंबई नगरनिगम में सीटों के बंटवारे को लेकर आयोजित बैठक में कांग्रेस ने वविआ को ६२ सीटें देने का फैसला किया है। इसे वविआ ने मंजूर कर लिया है। इससे पहले हुई बैठक में इन दोनों पार्टियों का गठबंधन 2 सीटों पर अटक गया था।

हालांकि, कांग्रेस ने रविवार काे हुई बैठक इन दोनों सीटों से अपना दावा वापस ले लिया। इसके बाद कांग्रेस के स्थानीय नेता ने इस्तीफा दे दिया। इससे मुंबई कांग्रेस पार्टी को करारा झटका लगा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव