चिरस्थायी कृषि, कचरा प्रबंधन, उभरती प्रौद्योगिकी पर छात्रों ने बनाए मॉडल
- Admin Admin
- Dec 02, 2025
मंडल स्तरीय 53वीं बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी शुुरु
मुरादाबाद, 2 दिसम्बर (हि.स.)। चित्रगुप्त इंटर कॉलेज में तीन दिवसीय मंडल स्तरीय 53वीं बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी का मंगलवार को शुभारंभ हुई। इसमें मुरादाबाद और अमरोहा के 65 छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। विद्यार्थियों ने चिरस्थायी कृषि, कचरा प्रबंधन और प्लास्टिक के विकल्प, उभरती प्रौद्योगिकी, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता और जल संरक्षण एवं प्रबंधन आदि विषय पर मॉडल बनाए।
कार्यक्रम का शुभारंभ संयुक्त शिक्षा निदेशक मनोज कुमार द्विवेदी, जिला विद्यालय निरीक्षक देवेंद्र कुमार पांडेय एवं प्रधानाचार्य मेजर सुदेश भटनागर ने किया। प्रदर्शनी में सेना का नेविगेशन, बारिश के पानी को बचाने व उसके उपाय के साथ ही सेंसर युक्त टैब से पानी का इस्तेमाल करने एवं किसानों को आत्मनिर्भर बनाने पर मॉडल प्रदर्शित किए गए। दिव्या सरस्वती बालिका कन्या इंटर कॉलेज की कक्षा-10 की छात्रा अनन्या चौहान ने एकीकृत खेती के मॉडल से तालाब के ऊपर बकरी और मुर्गी पालन को प्रदर्शित किया।
नीचे मछलियों के लिए भोजन तैयार करने और उसी तालाब के पानी से प्राकृतिक खेती की सिंचाई करने को दर्शाया। चिरस्थायी कृषि के जरिए किसानों को आत्मनिर्भर बनाने पर बल दिया। बुधवार को बिजनौर, रामपुर एवं संभल के विज्ञान मॉडलों का प्रदर्शन किया जाएगा। मंडल सदस्य वीरेश कुमार, डॉ. मधुसूदन यादव, डॉ. राजीव कुमार ने मुख्य विषयों के मॉडलों का निरीक्षण किया। बबीता मेहरोत्रा, नरेंद्र सिंह, मो. शारिव, अनुज त्यागी, विशाल अग्रवाल, पंकज कुमार शर्मा आदि शिक्षक मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल



