अनुशासन और आत्मविश्वास स्वस्थ भारत की आधारशिला: शेखावत

जोधपुर, 25 दिसम्बर (हि.स.)। फिट इंडिया एवं खेलो इंडिया की राष्ट्रीय संकल्पना को धरातल पर साकार करता सांसद खेल महोत्सव 2025 का समापन समारोह गुरुवार को क्रीड़ा संगम गौशाला मैदान में संपन्न हुआ। आयोजन का शुभारंभ उद्घाटन घोषणा एवं ध्वजारोहण के साथ हुआ, जिसके पश्चात मशाल रिले, मार्च-पास्ट एवं अभिमुख प्रयाण के माध्यम से खिलाडिय़ों ने अनुशासन, एकता एवं खेल भावना का प्रेरक प्रदर्शन किया।

समारोह के मुख्य अतिथि केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने खिलाडिय़ों को संबोधित करते हुए कहा कि राजस्थान के खिलाडिय़ों ने न केवल देश में बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी प्रदेश का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि सांसद खेल महोत्सव केवल एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि सशक्त, स्वस्थ और आत्मनिर्भर भारत की नींव रखने का अभियान है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का मंत्र फिट इंडिया, हिट इंडिया और भारत खेलेगा तो भारत खिलेगा आज यहां साकार होता दिखाई दे रहा है।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि जो राष्ट्र शारीरिक रूप से फिट होता है, वही विकसित राष्ट्र बनता है। खिलाडिय़ों के अनुशासन, परिश्रम और आत्मविश्वास को उन्होंने स्वस्थ भारत की आधारशिला बताया। समापन समारोह में वंदे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में डॉ. प्रेम भंडारी एवं विरासत कल्चरल सोसायटी, धनोरा (पंजाब) द्वारा देशभक्ति से ओतप्रोत रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। कार्यक्रम में जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी आशीष कुमार मिश्रा ने स्वागत उद्बोधन प्रस्तुत करते हुए आयोजन से संबंधित विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। मिश्रा ने बताया कि सांसद खेल महोत्सव 2025 चार चरणों में आयोजित किया गया, जिसमें 1,30,056 खिलाडिय़ों ने ऑनलाइन पंजीयन कराया। ग्राम एवं शहरी स्तर से चयनित होकर 19,597 खिलाड़ी ब्लॉक स्तर तक पहुंचे तथा विधानसभा स्तर पर विजेता बने 1,619 खिलाडिय़ों ने संसदीय स्तरीय प्रतियोगिताओं में सहभागिता दर्ज कराई। भागीदारी के मामले में जोधपुर संसदीय क्षेत्र ने देशभर में द्वितीय स्थान प्राप्त कर ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। समारोह में सूरसागर विधायक देवेन्द्र जोशी, शहर विधायक अतुल भंसाली, फलोदी विधायक पब्बाराम विश्नोई, पोकरण विधायक महंत प्रतापपुरी, पूर्व राज्यमंत्री प्रो. महेंद्र सिंह राठौड़, ज्योति ज्याणी, श्री हनुमान सिंह खांगटा, जोधपुर विकास प्राधिकरण के आयुक्त उत्साह चौधरी, मनीष पुरोहित, गौरव जैन सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश