वाराणसी में कांग्रेस ने मनाया स्थापना दिवस,जिलाध्यक्ष ने किया पार्टी का झंडारोहण

—पूर्व महानगर अध्यक्ष चंद्रमोहन पांडेय को किया याद,पुण्यतिथि पर भावभीनी श्रद्धांजलि दी

वाराणसी,28 दिसंबर (हि.स.)। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के 140वें स्थापना दिवस पर रविवार को वाराणसी में वृहद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पार्टी के मैदागिन स्थित कार्यालय में जिलाध्यक्ष राजेश्वर सिंह पटेल ने झंडारोहण किया। इस दौरान जिलाध्यक्ष ने देश की आज़ादी से लेकर आधुनिक भारत के निर्माण तक 140 वर्षों के पार्टी के अनवरत संघर्ष, त्याग और जनसेवा के गौरवशाली इतिहास को बताया। जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने देश की आज़ादी, संविधान, लोकतंत्र और सामाजिक न्याय के लिए कांग्रेस के ऐतिहासिक योगदान को स्मरण करते हुए संगठन को और अधिक मज़बूत करने का संकल्प लिया। स्थापना दिवस के अवसर पर महानगर कांग्रेस कमेटी ने बूथ लेवल प्रशिक्षण शिविर का भी आयोजन किया। प्रशिक्षण पूर्व वरिष्ठ आईएएस प्रवीण प्रकाश ने दिया। इस प्रशिक्षण शिविर में शहरी क्षेत्र की तीनों विधानसभा सीटों कैंट, दक्षिणी एवं उत्तरी के बूथ लेवल एजेंटों को संगठनात्मक मजबूती, मतदाता संपर्क, चुनावी रणनीति एवं पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुँचाने के विषय में विस्तार से प्रशिक्षण दिया गया।

महानगर अध्यक्ष राघवेन्द्र चौबे ने बताया कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस देश की सबसे पुरानी पार्टी ही नहीं, बल्कि आज़ादी की लड़ाई से लेकर संविधान की रक्षा और लोकतंत्र की मजबूती तक हर मोर्चे पर संघर्ष और जनसेवा की मिसाल रही है। उन्होंने कहा कि आज देश में संविधान, लोकतांत्रिक संस्थाओं और आम जनता के अधिकारों पर खतरा मंडरा रहा है, ऐसे समय में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भूमिका और भी अधिक महत्वपूर्ण हो जाती है। उन्होंने कहा कि संगठन को बूथ स्तर तक मज़बूत करना ही कांग्रेस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। हर कार्यकर्ता को जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं की आवाज़ बननी होगी। आने वाले समय में कांग्रेस पूरी मजबूती के साथ जनहित के मुद्दों को लेकर सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी। कार्यक्रम में पार्टी के पूर्व महानगर अध्यक्ष चंद्रमोहन पांडेय की पुण्यतिथि भी मनाई गई। उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर कांग्रेसजनों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी और उनके संगठनात्मक योगदान, संघर्षशील व्यक्तित्व एवं पार्टी के प्रति समर्पण को याद किया। कार्यक्रम में दुर्गा प्रसाद गुप्ता,डॉ राजेश गुप्ता,सतनाम सिंह,रमजान अली,अरुण सोनी,वकील अंसारी,सुनील श्रीवास्तव,संतोष चौरसिया,संजय प्रियदर्शी, अरविन्द पटेल, हसन मेहदी कब्बन,तुफैल अंसारी आदि ने भागीदारी की।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी