पंचकूला में कंपनी कर्मचारी के 19 लाख रुपए हड़पे:ऑनलाइन कमाई का झांसा देकर टास्क में फंसाया; हिमाचल में जॉब, जमापूंजी गंवाई

हरियाणा के पंचकूला में एक कंपनी कर्मचारी के साथ ऑनलाइन जॉब के नाम पर 19 लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर साइबर क्राइम थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस उन बैंक खातों की डिटेल खंगाल रही है, जिनमें ठगी की रकम ट्रांसफर की गई थी। टेलिग्राम ऐप से शुरू हुआ फ्रॉड पंचकूला के कालका निवासी अरविंद शर्मा ने बताया कि वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के जमीनदसांव गांव का रहने वाला है और वर्तमान में हिमाचल प्रदेश के परवाणु स्थित एक कंपनी में कार्यरत है। उन्होंने बताया कि उन्होंने टेलिग्राम ऐप डाउनलोड किया हुआ था। इसी ऐप पर एक महिला का मैसेज आया, जिसने ऑनलाइन जॉब ऑफर की बात कही। महिला ने अरविंद की आईडी और पासवर्ड जनरेट कर उसे एक ग्रुप में जोड़ दिया। वहां से उसे एक फोटो पर 20 बार क्लिक करने का टास्क दिया गया। पहली बार टास्क पूरा करने पर उसके खाते में 1100 रुपए भेजे गए, जिससे उसे भरोसा हो गया कि काम असली है। 10 बार में उड़ाए गए 19 लाख रुपए इसके बाद उसे और टास्क दिए गए, जिनके लिए उससे बार-बार पैसे जमा करवाए गए। 29 नवंबर को 2000-2000 रुपए और 13,292 रुपए, 30 नवंबर को 20,000 रुपए और 51,708 रुपए, 1 दिसंबर को 21,513 रुपए, 6 दिसंबर को 8,19,676 रुपए, 8 दिसंबर को 5 लाख रुपए, 9 दिसंबर को 2 लाख रुपए और 10 दिसंबर को 90,000 रुपए ट्रांसफर करवाए गए। अरविंद ने बताया कि जब उसने अपने पैसे निकालने चाहे तो उससे 6 लाख रुपए और मांगे गए। इसी दौरान उसे एहसास हुआ कि वह ठगी का शिकार हो गया है। कुल मिलाकर आरोपियों ने उससे 19,20,189 रुपए हड़प लिए। पुलिस जांच जारी पंचकूला साइबर क्राइम थाना पुलिस के जांच अधिकारी एएसआई देशराज ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। जिन खातों में रकम ट्रांसफर की गई है, उनकी डिटेल खंगाली जा रही है। पुलिस ने कहा कि जांच के बाद आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।