सोनीपत में 1.20 करोड़ की ठगी करने वाला गिरोह काबू:शेयर मार्केट में मुनाफे का जाल बिछाया; 29 लाख रुपए फ्रीज कराए

सोनीपत पुलिस ने शेयर बाजार में निवेश के नाम पर मोटा मुनाफा कमाने का सपना दिखाकर लोगों की मेहनत की कमाई डकारने वाले एक बड़े अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने पंजाब और मध्य प्रदेश में छापेमारी कर इस गिरोह के चार सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया। आरोपियों ने एक फर्जी वेबसाइट और व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए सोनीपत के एक व्यक्ति से करीब 1 करोड़ 20 लाख 85 हजार 89 रुपए की धोखाधड़ी की थी। पुलिस आयुक्त ममता सिंह (IPS) और पुलिस उपायुक्त (साइबर) कुशल पाल सिंह के मार्गदर्शन में हुई इस कार्रवाई की जानकारी देते हुए पुलिस प्रवक्ता ASI रविंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस ने शुभम (निवासी फतेहाबाद, हाल जीरकपुर, मोहाली, पंजाब), परविन्द्र (निवासी मानसा, पंजाब), जसप्रीत (निवासी मानसा, पंजाब) और संजय (निवासी इंदौर, मध्य प्रदेश) को गिरफ्तार किया है। व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ कर फंसाया पुलिस के अनुसार, 3 नवम्बर 2025 को जिला सोनीपत निवासी एक व्यक्ति ने थाना साइबर सोनीपत में शिकायत दर्ज कराई कि उनके मोबाइल पर आए एक अंजान लिंक पर क्लिक करने के उपरांत उन्हें F4-Reliance Wealth Academy नामक व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ दिया गया। वहां अदविका नामक व्यक्ति ने स्वयं को Reliance Securities से जुड़ा कर्मचारी बताते हुए शेयर मार्केट में बड़ा मुनाफा दिलाने का लालच दिया। 1 करोड़ 20 लाख जमा कराने के बाद धमकी प्राइमरी मार्केट, शेयर ट्रेडिंग एवं आईपीओ के नाम पर शिकायतकर्ता से विभिन्न बैंक खातों में कुल ₹1,20,85,089/- जमा करवाए गए। इसके बाद आरोपियों ने नकली शेयर आवंटन दिखाते हुए और अधिक राशि जमा करवाने का दबाव बनाया तथा रकम न देने पर फंड फ्रीज करने की धमकी दी। शिकायतकर्ता द्वारा पैसे लौटाने का अनुरोध करने पर भी आरोपियों ने रकम वापस करने से मना कर दिया। जांच में यह सम्पूर्ण प्रकरण फर्जी वेबसाइट एवं फर्जी दस्तावेजों के आधार पर की गई साइबर ठगी पाया गया, जिस पर थाना साइबर सोनीपत में भारतीय न्याय संहिता की प्रासंगिक धाराओं के अंतर्गत अभियोग दर्ज किया गया। पुलिस ने शिकायत मिलते ही जुटाए सबूत थाना साइबर सोनीपत के प्रभारी इंस्पेक्टर बसंत कुमार ने अपनी टीम (ASI जोगेन्द्र, मुख्य सिपाही गुलशन, EHC विनोद, सिपाही नवीन एवं SPO दिनेश) के साथ कार्यवाही करते हुए ठगों के बारे में जानकारी एकत्रित की और इस गिरोह का भंडाफोड़ किया। चारों साइबर ठगों को पंजाब एवं मध्य प्रदेश से गिरफ्तार किया गया। ये हुआ बरामद पुलिस ने ठगी की गई राशि में से 29 लाख 32 हजार रुपए बैंक में फ्रीज करवाए। ठगों से 9,000 रुपए, वारदात में प्रयोग किए गए 4 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस बैंक खातों से अब तक 53 हजार 500 रुपए की रिकवरी कर चुकी है।