भाजपा सरकार ने किसानों, नौजवानों, व्यापारियों से किया धोखा : अखिलेश यादव

लखनऊ, 20 अगस्त (हि.स.)। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा भाजपा सरकार ने किसानों, नौजवानों, व्यापारियों सभी को धोखा दिया। भाजपा ने जनता से झूठे वादे किए। किसानों की आय दोगुनी नहीं हुई। नौजवानों को नौकरी, रोजगार नहीं मिला। भर्ती परीक्षाओं के पेपर लीक होते रहे। भाजपा सरकार जानबूझकर पेपर लीक कराती रही, जिससे नौकरी और आरक्षण न देना पडे़। विसंगतिपूर्ण जीएसटी से व्यापार बर्बाद हो गया। महंगाई, बेरोजगारी चरम पर है।

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार ने सारे रिकार्ड तोड़ दिए हैं। हर विभाग में भ्रष्टाचार है। बजट की लूट मची है। प्रधानमंत्री जी ने जिस एक्सप्रेस वे का उद्घाटन किया था वह अभी से रिपेयरिंग मांग रहा है। भाजपा की डबल इंजन की सरकार ने लखनऊ में एक भी बड़ा काम नहीं किया। लखनऊ में कोई कार्य नहीं दिखाई देता। भाजपा सरकार ने बिजली व्यवस्था को बर्बाद कर दिया। लोगों को बिजली नहीं मिल रही है। केवल बिजली का बिल आता है। प्रदेश में भाजपा की सात साल की सरकार में एक भी बिजली का प्लान्ट नहीं लगा। बिजली घर लगाना तो दूर मुख्यमंत्री ने बिजली प्लान्ट का नाम भी नहीं लिया।

प्रदेश की कानून व्यवस्था ध्वस्त है। कानून व्यवस्था और भ्रष्टाचार पर मुख्यमंत्री का जीरो टालरेंस का दावा जीरो हो चुका है। महिला अपराध के मामले में उत्तर प्रदेश की स्थिति बहुत खराब है। पीड़ितों और गरीबों को न्याय नहीं मिल रहा है। भाजपा सरकार में किसी को न्याय नहीं मिल सकता। हर वर्ग में निराशा है।

अखिलेश यादव ने कहा कि जनता अब भाजपा से मुक्ति चाहती है। प्रदेश में विधान सभा सीटों क लिए होने वाले उपचुनाव और आने वाले सभी चुनावों में भाजपा का हारना तय है। उत्तर प्रदेश भाजपा से मुक्त होगा तभी जनता को अन्याय, अत्याचार, गरीबी, बेरोजगारी, मंहगाई से मुक्ति मिलेगी।

सपा अध्यक्ष ने कहा कि लोकसभा चुनाव में बड़ी हार के बाद भी भाजपा के बड़बोले नेता डीगें हांकने से बाज नहीं आ रहे है। भाजपा नेताओं और सरकार के पास विपक्ष पर झूठे आरोप लगाने और लफ्फाजी करने के सिवाय कुछ नहीं बचा है। भाजपा सत्ता का प्रयोग जनता के हित में करने के बजाए उसका दुरुपयोग कर रही है। भाजपा लगातार समाजवादी पार्टी को बदनाम करने का प्रयास कर रही है। वस्तुतः भाजपा चुनावी हार से बौखलाई हुई है। जनता आने वाले चुनावों में भाजपा को और बुरी तरह से हराकर सबक सिखाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा / बृजनंदन यादव

   

सम्बंधित खबर