नई दिल्ली, 05 जुलाई (हि.स.)। दिल्ली-एनसीआर में कुछ जगहों पर आज लगातार दूसरे दिन भी मौसम सुहावना बना हुआ है। यहां के कुछ इलाकों में रविवार को भी वर्षा हुई, जिससे अधिकतम तापमान में कमी दर्ज की गई।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के पूर्वानुसार, राजधानी में सोमवार को सुबह या दोपहर के दौरान कई जगहों पर तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश होने के आसार हैं। इस दिन यहां का अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 31-33 डिग्री सेल्सियस और 26-28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। सात और आठ जुलाई को भी यही स्थिति रहेगी और अधिकतम तापमान भी सामान्य रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान राजधानी में आज कई जगहों पर झमाझम वर्षा हुई, जिससे तापमान सामान्य रहा और यहां के निवासियों ने सुहावने मौसम का आनंद उठाया।
उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे सटे उत्तरी ओडिशा-पश्चिम बंगाल के तटों के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र बना है। छत्तीसगढ़ और मध्य महाराष्ट्र में 6 जुलाई, कोंकण और गोवा तथा गुजरात क्षेत्र में 6-7 जुलाई के दौरान कहीं पर झमाझम बारिश और कुछ जगहों पर घनघोर वर्षा होने के आसार हैं।
वहीं, अगले 3 दिनों के दौरान दक्षिण-पश्चिम मानसून के उत्तर अरब सागर के कुछ हिस्सों, गुजरात, हरियाणा, पंजाब के शेष हिस्सों और राजस्थान के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए पस्थितियां अनुकूल हैं।
उत्तर-पश्चिम भारत के हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब, पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश में अगले छह दिनों के दौरान वर्षा होने की संभावना है। यहां के कुछ स्थानों पर भारी वर्षा हो सकती है। इसके अलावा, मध्य भारत के पश्चिमी मध्य प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़, पूर्वी भारत के अंडमान-निकोबार द्वीप समूह, पश्चिम बंगाल, झारखंड, हिमालय, पूर्वोत्तर भारत के अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, मिजोरम में, पश्चिमी भारत के कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, सौराष्ट्र में, दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत के तटीय आंध्र प्रदेश, यनम, रायलसीमा, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल और तेलंगाना के कुछ क्षेत्रों में अगले छह दिनों के दौरान हल्की से मध्यम वर्षा होगी जबकि इसके कुछ क्षेत्रों में अगले छह दिनों के दौरान व्यापक बारिश होने के आसार हैं। वहीं, केरल, माहे, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, यनम, रायलसीमा, तेलंगाना सहित अन्य राज्यों में कहीं-कहीं पर अगले छह दिनों के दौरान 40-60 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है।
असम और मेघालय में 6 जुलाई को गर्म और उमस भरे मौसम की स्थिति रहने की संभावना है।
---------------

