बीस हजार योग प्रेरकों में अव्वल रही हिसार की मेजर आकांक्षा पांडे
- Vijesh Sharma
- Jul 08, 2026

हिसार, 08 जुलाई । थर्ड हरियाणा गर्ल्स बटालियन एनसीसी, हिसार की प्रशासनिक
अधिकारी मेजर आकांक्षा पांडे ने ‘हर घर योग अभियान’ एवं ‘अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026’ के अवसर
पर राष्ट्रीय स्तर पर उल्लेखनीय उपलब्धि अर्जित की है।
भारत सरकार के निर्देशानुसार योग को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से चलाए
गए इस अभियान में मेजर आकांक्षा पांडे ने अपने समर्पण और निरंतर प्रयासों से 5636 नागरिकों
को नियमित योग अभ्यास अपनाने हेतु प्रेरित किया। उनके अनुकरणीय कार्यों के लिए उन्हें
हाबिल्ड की ओर से प्रशंसा पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
यह अभियान पूरे देश में चलाया गया, जिसमें देश के लाखों योग प्रेरकों ने
योग प्रोत्साहन के लिए अथक प्रयास और भागीदारी की। कड़ी प्रतिस्पर्धा के पश्चात मेजर
आकांक्षा पांडे ने इन सभी प्रेरकों के मध्य प्रथम स्थान प्राप्त किया। इस उपलब्धि के
साथ उन्होंने न केवल थर्ड हरियाणा गर्ल्स बटालियन एनसीसी, हिसार का मान बढ़ाया, बल्कि
एनसीसी ग्रुप हेडक्वार्टर रोहतक को भी गौरवान्वित किया। मेजर आकांक्षा पांडे के इस
प्रयास से समाज में स्वास्थ्य, अनुशासन और सकारात्मक जीवनशैली को बढ़ावा मिला है।
इस अवसर पर थर्ड हरियाणा गर्ल्स बटालियन, हिसार के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल ज्ञान
प्रकाश पाण्डेय ने बुधवार काे मेजर आकांक्षा पांडे को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने
कहा कि मेजर आकांक्षा की यह उपलब्धि एनसीसी कैडेट्स एवं प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत
हैं। हमें विश्वास है कि वे भविष्य में भी इसी लगन से राष्ट्रहित और समाज सेवा में
अपना योगदान देती रहेंगी।

